Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : फिन के तीव्रतम शतक से न्यूजीलैंड फाइनल में, अजेय क्रम टूटने के साथ ही दक्षिण अफ्रीका बाहर

Social Share

कोलकाता, 4 मार्च। ओपनर फिन एलेन ने ICC टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के इतिहास में तीव्रतम शतकीय प्रहार (नाबाद 100 रन, 33 गेंद, आठ छक्के, 10 चौके) से न सिर्फ न्यूजीलैंड की एकतरफा जीत का रास्ता खोला वरन मौजूदा संस्करण में दक्षिण अफ्रीका का अजेय क्रम भी तोड़ दिया। इस क्रम में कीवियों ने बुधवार की रात यहां खेले गए पहले सेमीफाइनल में 43 गेंदों के शेष रहते प्रोटियास को नौ विकेट से रौंदकर खुद फाइनल का टिकट कटा लिया।

मार्को यान्सेन व स्टब्स के सहारे 169 रनों तक पहुंचे थे प्रोटियास

ईडन गार्डन्स में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य दक्षिण अफ्रीका 11वें ओवर में 77 पर पांच विकेट गंवाने के बाद स्लाग ओवरों में मार्को यान्सेन (नाबाद 55 रन, 30 गेंद, पांच छक्के, दो चौके) व ट्रिस्टन स्टब्स (29 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की तेजी से आठ विकेट पर 169 रनों तक पहुंचा था।

फिन व साइफर्ट ने 55 गेंदों पर ठोक दिए 117 रन

लेकिन कीवी ओपनरों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से इस लक्ष्य को बौना साबित कर दिया। फिन व टिम साइफर्ट (58 रन, 33 गेंद, दो छक्के, सात चौके) ने विपक्षी गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा लेते हुए सिर्फ 55 गेंदों पर 117 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर दी।

कगिसो रबाडा (1-28)  ने 10वें ओवर में साइफर्ट को बोल्ड मारकर भागीदारी तोड़ी तो फिन ने रचिन रवींद्र (नाबाद 13 रन, 11 गेंद, दो चौके) की मौजूदगी में 22 गेंदों पर अटूट 56 रनों की साझेदारी से न्यूजीलैंड को मंजिल दिला दी, जिसने 12.5 ओवरों में ही एक विकेट पर 173 रन बना लिए। इस दौरान दक्षिण अफ्रीकी पेसर मार्को यान्सेन ने 2.5 ओवर में 53 रन लुटा डाले।

स्कोर कार्ड

दिलचस्प तो यह है कि न्यूजीलैंड ने उस दक्षिण अफ्रीका का अजेय क्रम तोड़ा, जिसके खिलाफ वह 2007 से अब तक टी20 विश्व कप के पांच मुलाकातों में पराजित होता रहा था। दूसरी बार फाइनल में पहुंचे न्यूजीलैंड की, जिसे 2021 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मात खानी पड़ी थी, अब भारत बनाम इंग्लैंड सेमीफाइनल की विजेता टीम से आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी टक्कर होगी।

मैकोंकी ने दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बिगाड़ी

दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी की बात करें तो कोल मैकोंकी (2-9) ने शुरुआत ही बिगाड़ दी, जिन्होंने पारी के दूसरे ही ओवर में क्विंटन डिकॉक (10 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) व रियान रिकेल्टन (0) को चलता कर दिया। उधर रचिन रवींद्र (2-29) ने लगातार ओवरों (आठवां व दसवां) में कप्तान एडेन मार्करम (18 रन, 20 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व डेविड मिलर (छह रन) की विदाई कर दी (4-77)।

यान्सेन व स्टब्स ने छठे विकेट के लिए 48 गेंदों पर जोड़े 73 रन

दो गेंद बाद इसी स्कोर पर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर डेवाल्ड ब्रेविस (34 रन, 27 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) भी जेम्स नीशम (1-42) के शिकार हो गए। हालांकि इसके बाद स्टब्स व यान्सेन ने छठे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 73 रन जोड़कर टीम को कुछ लड़ने लायक स्कोर दिया। लेकिन फिन व उनके साथी बल्लेबाजों ने इसे नाकाफी साबित कर दिया।

गुरुवार का मैच : दूसरा सेमीफाइनल – भारत बनाम इंग्लैंड (वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई) शाम सात बजे।

 

 

Exit mobile version