मुंबई, 13 अप्रैल। भारतीय संगीत जगत की अनमोल रत्न आशा भोसले का अंतिम संस्कार आज, सोमवार को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। रविवार को 92 वर्ष की आयु में उनके निधन के बाद से ही पूरे देश में शोक की लहर है। प्रशासन और परिवार ने उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए विस्तृत इंतजाम किए हैं। आशा जी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर रखा गया है। उनके बेटे आनंद भोसले ने जानकारी साझा करते हुए बताया…
समय : सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक।
स्थान : ‘कसा ग्रांडे’ बिल्डिंग, मुंबई। यहां सुबह से ही संगीत जगत की हस्तियां, राजनेता और उनके हजारों प्रशंसक अपनी चहेती गायिका को अंतिम विदाई देने पहुंच रहे हैं।
बेटे आनंद भोसले की भावुक अपील : अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए आनंद भोसले ने प्रशंसकों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा, “मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि वहां (शिवाजी पार्क और आवास) अधिक भीड़ न करें। हम जानते हैं कि माँ के प्रति लोगों का प्रेम अथाह है, लेकिन व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में हमारा सहयोग करें।”
राजकीय सम्मान और अंतिम विदाई : महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि संगीत के क्षेत्र में आशा जी के अतुलनीय योगदान को देखते हुए उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान (State Honours) के साथ किया जाएगा।
शाम 4:00 बजे : शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। सुरक्षा के लिहाज से मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क और दादर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है और यातायात के रूट में भी बदलाव किए गए हैं।
एक युग का अवसान : आशा भोसले को शनिवार शाम कार्डियक अरेस्ट के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुनिया भर के बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। अस्सी सालों तक अपनी जादुई आवाज से दुनिया को मंत्रमुग्ध करने वाली आशा जी आज भले ही मौन हो गई हैं, लेकिन शिवाजी पार्क की मिट्टी में विलीन होने के साथ ही वे भारतीय संगीत के इतिहास में हमेशा के लिए अमर हो जाएंगी।

