Site icon Revoi.in

किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे, शंभू बॉर्डर पहुंचीं विनेश फोगाट ने कहा – ‘यह देखकर दुख होता है’

Social Share

नई दिल्ली, 31 अगस्त। किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर ओलम्पियन पहलवान विनेश फोगाट शनिवार को शंभू बॉर्डर पर किसानों के विरोध स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने कहा, “200 दिन हो गए हैं जब से वे यहां बैठे हैं। यह देखकर दुख होता है।’

‘अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश आगे नहीं बढ़ेगा’

विनेश फोगाट ने कहा, ‘वे सभी इस देश के नागरिक हैं। किसान देश को चलाते हैं। उनके बिना कुछ भी संभव नहीं है, एथलीट भी नहीं। अगर वे हमें खाना नहीं खिलाएंगे, तो हम प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। कई बार हम असहाय होते हैं और कुछ नहीं कर पाते हैं। हम इतने बड़े स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाते हैं। भले ही हम उन्हें दुखी देखते हों। मैं सरकार से आग्रह करती हूं कि उन्हें सुनना चाहिए। उन्होंने पिछली बार अपनी गलती स्वीकार की थी। उन्हें अपने वादे पूरे करने चाहिए। अगर लोग इस तरह सड़कों पर बैठे रहेंगे तो देश आगे नहीं बढ़ेगा।’

फोगाट ने कहा ‘आज मैं सिर्फ किसानों के मुद्दे पर ही बात करूंगी, राजनीति पर कोई बात नहीं होगी। मैं भी किसान परिवार से हूं। मुझे पता है कि किसानों को क्या दिक्कत होती है। खिलाड़ी होने से पहले मैंने भी खेत में काम किया है। मुझे पता है कि मेरी मां ने कैसे हमें पाला है। अगर किसान खाना नहीं देंगे तो खिलाड़ियों को भी खाने को क्या मिलेगा।’

हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस से टिकट मिलने की संभावनाओं के सवाल पर उन्होंने कहा कि आज कोई राजनीतिक बयान नहीं। केंद्र सरकार को बड़ा दिल दिखाना चाहिए और आंदोलनरत किसानों से बातचीत करनी चाहिए।