Site icon hindi.revoi.in

केरल : त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 13 श्रमिकों की मौत, कई अन्य घायलों में 5 की हालत गंभीर

Social Share

त्रिशूर, 21 अप्रैल। केरल के त्रिशूर जिले में मंगलवार को अपराह्न एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब मुंडाथिकोड इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 13 श्रमिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताईआ जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 3.30 बजे जिस शेड में धमाका हुआ, वहां करीब 40 लोग मौजूद थे। इनमें से कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा उस समय हुआ जब आने वाले मशहूर त्योहार त्रिशूर पूरम (Thrissur Pooram) की तैयारी के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। केरल स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पांच शव पूरे मिले, जबकि तीन लोगों के शरीर के हिस्से मलबे से बरामद किए गए। पांच की हालत गंभीर है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पहली बार दोपहर करीब 3.30 बजे हुआ और उसके बाद भी बीच-बीच में छोटे धमाके होते रहे, जिससे बचाव कार्य में दिक्कत आई। बताया जा रहा है कि यह यूनिट खेतों के बीच बने अस्थायी शेड में चल रही थी। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

हादसे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अंदाजा है कि तेज गर्मी इसकी एक वजह हो सकती है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत टीम लगातार मौके पर काम कर रही हैं, लेकिन लगातार हो रहे धमाकों के कारण हालात काफी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच बैठाई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई।

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी X पोस्ट में लिखा गया, ‘यह जानकर बहुत दुख हुआ कि त्रिशूर में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुए हादसे में कई लोगों की जान चली गई। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मैं उनके दुख में शामिल हूं। ईश्वर करे कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।’

पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की अनुग्रह राशि

पीएमओ ने एक एन्य पोस्ट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि PMNRF से, हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’

सीएम विजयन व स्वास्थ्य मंत्री वीणा ने दिए निर्देश

उधर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर जरूरी इलाज मुहैया कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद ली जाए। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने भी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है और खास इलाज की व्यवस्था करने को कहा है। साथ ही 108 एम्बुलेंस समेत अतिरिक्त एम्बुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Exit mobile version