Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : शतकवीर अंग्रेज कप्तान हैरी ब्रूक ने रचा इतिहास, पाकिस्तान पर रोमांचक जीत से इंग्लैंड सेमीफाइनल में

Social Share

पल्लेकेल, 24 फरवरी। अंग्रेज कप्तान हैरी ब्रुक ने मंगलवार की रात यहां टी20 अंतरराष्ट्रीय में करिअर में पहले शतकीय प्रहार (100 रन, 51 गेंद, चार छक्के, 10 चौक) से यदि इतिहास रचा तो उनकी टीम ने ICC टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के रोमांचक मैच में पांच गेंदों के शेष रहते पाकिस्तान को दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

फरहान के पचासे से पाक ने बनाया इंग्लैंड के खिलाफ अपना सबसे बड़ा स्कोर

पल्लेकेल इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरे पाकिस्तान ने शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की तेजतर्रात अर्धशतकीय पारी (63 रन, 45 गेंद, दो छक्के, सात चौके) से नौ विकेट पर 164 रन बनाए थे, जो टी20 विश्व कप में उसका इंग्लैंड के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा स्कोर था।

टी20 विश्व कप में शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बने ब्रूक

जवाबी काररवाई में 4-58 की खराब शुरुआत के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ब्रूक ने कप्तानी पारी खेली और टी20 विश्व कप के इतिहास में शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बने। वहीं उनकी टीम ने 19.1 ओवरों में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

इंग्लैंड लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में

उल्लेखनीय है कि सुपर 8 चरण के ग्रुप दो में इंग्लैंड ने अपने पहले मैच में श्रीलंका को शिकस्त दी थी। अब उसके दो मैचों में चार अंक हैं और उसने लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वहीं पाकिस्तान दो मैचों से सिर्फ एक अंक जुटा सका है, जिसका न्यूजीलैंड के साथ पहला मैच बारिश से धुल गया था। यानी पाकिस्तान की सेमीफाइनल की राह अब कठिन हो चुकी है।

अफरीदी एंड कम्पनी ने 58 रनों पर इंग्लैंड के 4 बल्लेबाजों को लौटा दिया था

इंग्लैंड की पारी देखें तो शाहीन शाह अफरीदी (4-30) ने उसकी शुरुआत बिगाड़ दी, जब दोनों ओपनरों – फिल साल्ट (0) व जोस बटलर (दो रन) के अलावा जैकब बेथेल (आठ रन) में पांचवें ओवर में 35 रनों के भीतर इस सुपरफास्ट पेसर के शिकार हो गए थे। वहीं आठवें ओवर में उस्मान तारिक (2-31) ने 58 के योग पर टॉम बैंटन (दो रन) की भी विदाई कर दी।

ब्रूक ने सैम करेन व विल जैक्स संग अहम भागीदारियों से अंग्रेजों को राहत दी

फिलहाल ब्रूक ने अकेले जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने न सिर्फ 51 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ दिया वरन पांचवें विकेट के लिए सैम करेन (16 रन, 15 गेंद, एक चौका) के साथ 28 गेंदों पर 45 और विल जैक्स (28 रन, 23 गेंद, दो छक्के, एक चौका) संग छठे विकेट के लिए 31 गेंदों 52 रनों की साझेदारी से टीम को राहत प्रदान की।

स्कोर कार्ड

ब्रूक 17वें ओवर में 155 के योग पर अफरीदी के चौथे शिकार बने तो इंग्लैंड लक्ष्य से 11 रन दूर था। उधर मोहम्मद नवाज (2-26) ने अगले ओवर में दो विकेट निकालकर अंग्रेजों की धड़कन बढ़ाई (8-161)। लेकिन जोफ्रा ऑर्चर (नाबाद पांच रन, दो गेंद, एक चौका) ने अंतिम ओवर में सलमान मिर्जा की पहली ही गेंद पर विजयी चौका जड़ दिया।

डॉसन, ओवर्टन व ऑर्चर ने बिगाड़ा पाकिस्तान का समीकरण

इससे पहले फरहान ने भले ही आकर्षक पचासा जड़ा, लेकिन इंग्लैंड के स्पिनर्स ने पाकिस्तानी पारी के अधिकतर हिस्से में सटीक लाइन-लेंथ रखी। वामहस्त स्पिनर लिएम डॉसन (3-24) इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। वहीं जैमी ओवर्टन व जोफ्रा ऑर्चर ने दो-दो विकेट निकाले।

फरहान ने बाबर व फखर के साथ की उपयोगी साझेदारियां

चौथे ओवर में 27 रनों के भीतर कप्तान सलमान आगा (पांच रन) सहित दो बल्लेबाजों के लौटने के बाद फरहान ने बाबर आजम (25 रन, 24 गेंद, दो चौके) संग 46 और फिर फखर जमां (25 रन, 16 गेंद, दो छक्के, दो चौके) के साथ 49 रनों की दो अहम साझेदारियों से स्थिति संभाली। लेकिन उनके बाद सिर्फ शादाब खान (23 रन, 11 गेंद, चार चौके) ही दहाई का मुंह देख सके। पाकिस्तान के अंतिम चार बल्लेबाज 18 रनों की वृदधि पर लौट गए।

बुधवार का मैच : श्रीलंका बनाम न्यूजीलैंड (ग्रुप दो, कोलम्बो, शाम सात बजे)।

Exit mobile version