Site icon hindi.revoi.in

पश्चिम बंगाल में पहले चरण व तमिलनाडु में सभी सीटों पर थमा चुनाव प्रचार, 23 अप्रैल को मतदान

Social Share

नई दिल्ली, 21 अप्रैल। तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से 48 घंटे पहले मंगलवार शाम को चुनाव प्रचार थम गया। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर बुधवार को वोटिंग होनी है जबकि तमिलनाडु में सभी 234 सीटों के लिए मतदान होने हैं। इसको लेकर भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

पार्टियों ने अंतिम क्षणों में झोंकी ताकत

चुनाव प्रचार थमने से पहले दोनों राज्यों में शीर्ष नेताओं और उम्मीदवारों ने समर्थकों को आकर्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वहीं, चुनाव प्रचार थमने के बाद अब कोई भी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवार के समर्थन में जनसभा या रैली नहीं कर सकेगा।

बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर 1,478 उम्मीदवार

पश्चिम बंगाल की बात करें तो राज्य में इस बार दो चरणों में चुनाव संपन्न कराया जाना है। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, तीन करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन मतदाताओं में एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं अपने मत का इस्तेमाल करेंगी। आरक्षण को लेकर बने माहौल के बीच इस बार पश्चिम बंगाल में महिलाओं की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है।

इन 21 जिलों में होना है मतदान

बंगाल में पहले चरण में जहां मतदान होने हैं, उनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल अंचल के पांच जिले शामिल हैं। इनमें मुर्शिदाबाद की 22, कूचबिहार की 9, जलपाईगुड़ी की 7, अलीपुरद्वार की 5, कलिंपोंग की एक, दार्जिलिंग की 5, उत्तर दिनाजपुर की 9, दक्षिण दिनाजपुर की 6, मालदा की 12, बीरभूम की 11, पश्चिम बर्द्धमान की 9, पूर्व मेदिनीपुर की 16, पश्चिम मेदिनीपुर की 15,  झारग्राम की 4, पुरुलिया की 9 और बांकुड़ा की 12 सीटें शामिल हैं।

तमिलनाडु की कुल 234 सीटों पर जोर आजमा रहे 4023 उम्मीदवार

उधर तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक चरण में ही चुनाव संपन्न कराया जाना है। तमिलनाडु में इस बार 4,023 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत लिखेंगे।

राज्य के चुनाव में इस बार सबकी निगाहें अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके पर टिकी हैं क्योंकि कई सीटों पर उनको लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है, लिहाजा चुनाव में उनकी भूमिका काफी अहम हो सकती है।

Exit mobile version