Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके, जम्मू से पंजाब तक हलचल

Social Share

नई दिल्ली, 3 अप्रैल। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ तक में भूकंप महसूस किया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहीं भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई

रात्रि करीब 9.45 बजे आए भूकंप के झटके इतने तेज थे कि नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना और जम्मू और कश्मीर के पुंछ, श्रीनगर और उधमपुर सहित कई इलाकों में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान बताया जा रहा है। वहीं रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है।

अफगानिस्तान-तजाकिस्तान का बॉर्डर क्षेत्र था भूकंक का केंद्र

प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-तजाकिस्तान का बॉर्डर क्षेत्र था, जिसके झटके दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में काफी देर तक महसूस हुए। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, पुंछ और कश्मीर घाटी में भी धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। इसके अलावा पाकिस्तान के इस्लामाबाद समेत कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

अफगानिस्तान में केंद्र तो उत्तर भारत में क्यों महसूस हुए भूकंप के झटके?

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेस (GFZ) के अनुसार, शुक्रवार को अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र और हिन्दू कुश इलाके में 5.9 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन के काफी अंदर, लगभग 177 किलोमीटर की गहराई पर था। विशेषज्ञों के अनुसार जब भूकंप इतनी अधिक गहराई पर आता है, तो उसकी वेव बहुत दूर तक सफर करती हैं। यही वजह है कि इसके झटके न केवल पड़ोसी देशों में, बल्कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी काफी तेज महसूस किए गए।

गाजियाबाद में भी भूकंप के झटके

गाजियाबाद में भी शुक्रवार रात करीब 9.50 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए। अचानक भूकंप के झटके महसूस होते ही महानगर की सोसाइटी में रहने वाले निवासी अपने अपने घरों से बाहर निकल कर खुले स्थान पर आ गए। काफी देर बाद ही लोग अपने घर लौटे। देर रात तक सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होती रही।

Exit mobile version