Site icon hindi.revoi.in

बिहार : विधानसभा सत्र के दौरान टूटकर गिरा छत का एक हिस्सा, बाल-बाल बचे विधानसभा अध्यक्ष

Social Share

पटना, 6 फरवरी। बिहार विधानसभा बजट सत्र के चौथे दिन शुक्रवार सदन की कार्यवाही के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हालांकि इस घटना में किसी को हानि नहीं पहुंची। दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सदन की कार्यवाही के लिए अंदर जा रहे थे, तभी भवन की छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि वह इसकी चपेट में नहीं आए।

सत्र से पहले लाखों रुपये खर्च कर कराया गया था रिनोवेशन

उल्लेखनीय है कि बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन का रिनोवेशन किया गया था, इसके लिए लाखों रुपये भी खर्च किए गए थे। घटना के बाद विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। छत का हिस्सा गिरने के बाद कुछ देर के लिए उस मार्ग को बंद कर दिया गया और अन्य सदस्यों की आवाजाही रोक दी गई।

निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल

बताया जाता है कि बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन में मरम्मत, रंग-रोगन और सजावट का काम कराया गया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संभावित आगमन को देखते हुए परिसर को सजाने और संवारने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। इसके लिए टेंडर भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद मुख्य इमारत का हिस्सा गिरने की घटना ने निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विपक्ष ने उठाई घटना की जांच की मांग

विपक्ष ने इस घटना को लेकर सरकार और भवन निर्माण एजेंसी पर निशाना साधते हुए जांच की मांग की है। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने विधानसभा भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत करते हुए बताया कि सुबह कई विधायक पोर्टिको में खड़े थे, तभी ऊपर से छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। उन्होंने कहा कि कई विधायक बाल-बाल बच गए।

Exit mobile version