Site icon Revoi.in

द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को लेंगी राष्ट्रपति पद की शपथ, प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना दिलाएंगे शपथ

Social Share

नई दिल्ली, 22 जुलाई। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई, सोमवार को संसद भवन के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में शपथ लेंगी। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस एनवी रमना देश के 15वें राष्ट्रपति को शपथ दिलाएंगे। राज्यसभा में पीठासीन अध्यक्ष सस्मित पात्रा ने शुक्रवार को इस आशय की घोषणा की।

राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर 25 जुलाई को संसद के दोनों सदनों की बैठक दोपहर दो बजे शुरू होगी। संसद सत्र के दौरान लोकसभा एवं राज्यसभा की कार्यवाही आम तौर पर पूर्वाह्न 11 बजे आरंभ होती है।

संसद के दोनों सदनों की बैठक दोपहर दो बजे शुरू होगी

सस्मित पात्रा ने बताया कि राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभापति एम. वेंकैया नायडू ने फैसला किया है कि उस दिन उच्च सदन की बैठक दोपहर दो बजे शुरू की जाए ताकि सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकें। उधर, लोकसभा में पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने घोषणा की कि 25 जुलाई को सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे आरंभ होगी।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की थी। कुल वैध मतों में 64 फीसदी वोट अपने पक्ष में करने वालीं 64 वर्षीया मुर्मू राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने वाली देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला हैं। दिलचस्प तो यह है कि 20 जून, 1958 को जन्मी मुर्मू स्वतंत्रता के बाद पैदा होने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति भी है।