Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति चुनाव : द्रौपदी मुर्मू एनडीए की उम्मीदवार घोषित, यूपीए के यशवंत सिन्हा से होगी टक्कर

Social Share

नई दिल्ली, 21 जून। झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू आगामी राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार होंगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार की रात इस आशय की घोषणा की। इसके पूर्व दिन में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया गया था।

मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना अब तय माना जा रहा है।

मुर्मू की जीत हुई तो वह देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी

इस चुनाव में यदि 64 वर्षीया मुर्मू की जीत होती है तो आदिवासी पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाली देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी। झारखंड की राज्यपाल रह चुकीं मुर्मू पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तरह लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हैं और विधायक व मंत्री रही हैं। मुर्मू ने ओडिशा सरकार में परिवहन और वाणिज्य विभागों का नेतृत्व किया है और 2007 में विधायक के लिए नीलकंठ पुरस्कार जीता था।

पीएम मोदी ने दी बधाई, बोले – द्रौपदी मुर्मू हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शीर्ष संवैधानिक पद के लिए राजग उम्मीदवार के रूप में द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए कहा, ‘मुझे भरोसा है कि श्रीमती द्रौपदी मुर्मू हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति होंगी। द्रौपदी मुर्मू ने अपना जीवन समाज की सेवा व गरीबों, दलितों तथा हाशिए पर खड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित किया है।’

पहली बार महिला आदिवासी उम्मीदवार को वरीयता दी गई – जेपी नड्डा

भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा कि बैठक में झारखंड के पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता मुर्मू के नाम पर चर्चा हुई। पहली बार महिला आदिवासी उम्मीदवार को वरीयता दी गई है। भाजपा संसदीय बोर्ड ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए 20 नामों पर चर्चा की।

जेपी नड्डा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार को लेकर विभिन्न दलों के बीच सहमति बनाने के लिए पार्टी की तरफ से राजनाथ सिह और उन्हें अधिकृत किया गया था। उन्होंने कहा, ‘सभी दलों से बातचीत करके राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सर्वसम्मति बनाते हुए हम आगे बढ़ना चाहते थे।’

संप्रग के घटक दलों से बातचीत बेनतीजा रही

उन्होंने कहा, ‘राजनाथ सिंह ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दलों के नेताओं के साथ बातचीत की। मैंने भी बातचीत की। लेकिन बात नहीं बन सकी। हम चाहते थे कि राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार सर्व सहमति का हो, लेकिन संप्रग ने राष्ट्रपति चुनाव में अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य बैठक में मौजूद रहे।

भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। भाजपा संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक से पहले आज पूर्वाह्न अमित शाह और राजनाथ सिंह ने नड्डा के साथ उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू से भी मुलाकात की थी।