Site icon Revoi.in

पंजाब में AAP को दोहरा झटका : सांसद सुशील कुमार रिंकू और विधायक शीतल अंगुराल भाजपा में शामिल

Social Share

नई दिल्ली, 27 मार्च। आम आदमी पार्टी (आप) की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली के कथित आबकारी नीति घोटाले में गिरफ्तार चल रहे हैं तो आज पंजाब में पार्टी को दोहरा झटका लगा, जब लोकसभा चुनाव से पहले जालंधर के सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर पश्चिम से विधायक शीतल अंगुराम भाजपा में शामिल हो गए। दोनों नेताओं ने यहां भाजपा मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

दिलचस्प यह है कि पंजाब में सभी पार्टियां अकेले चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा का जहां शिरोमणि अकाली दल से समझौता नहीं हुआ वहीं विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के घटक दलों – आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी राज्य में गठबंधन नहीं किया।

आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका इस लिहाज से भी है कि पार्टी ने सुशील कुमार रिंकू को जालंधर सीट से फिर उम्मीदवार बनाया था। बताया जा रहा है कि ‘आप’ नेताओं ने उन्हें पार्टी में रोकने की भी कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुके। उन्होंने जालंधर सीट पर 2023 के उपचुनाव में 58,691 वोटों से बड़ी जीत हासिल की थी।

2023 में कांग्रेस से आप‘ में आए थे सुशील कुमार

पूर्व कांग्रेस विधायक सुशील कुमार रिंकू अप्रैल, 2023 में आम आदमी पार्टी में आए थे। इसी दरमियान उन्हें ‘आप’ ने जालंधर संसदीय सीट पर उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया था। अब माना जा रहा है कि रिंकू भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पार्टी उन्हें किस सीट से उम्मीदवार बनाएगी।

रवनीत बिट्टू भी भाजपा में शामिल

देखा जाए तो पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता, विधायक और सांसद लगातार भाजपा ज्वॉइन कर रहे हैं। मंगलवार को ही लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, जिनकी 1995 में चंडीगढ़ में एक आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।

पंजाब में एक जून को सभी सीटों पर होगा चुनाव

पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं और सभी सीटों पर सातवें व अंतिम चरण में एक जून को मतदान होगा। इसके बाद चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे।