मुंबई, 14 मई। भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच लगातार दूसरे दिन तेजी रही और दूरसंचार, दवा व निजी बैंकिंग शेयरों में खरीदारी आने से गुरुवार को दोनों मानक सूचकांक अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स करीब 790 अंक चढ़कर 75,000 के पार पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 277 अंक मजबूत होकर ठहरा।
सेंसेक्स 789.74 अंकों की बढ़त के साथ 75,398.72 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 789.74 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,398.72 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने सत्र की मजबूत शुरुआत की, लेकिन जल्द ही यह नकारात्मक क्षेत्र में चला गया। हालांकि, दूरसंचार और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी लौटने से यह एक समय 1,000 अंकों से अधिक चढ़कर 75,681.88 के स्तर तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 23 के शेयर लाभ में रहे तो सात में नुकसान दिखा।
निफ्टी 1.18 प्रतिशत चढ़कर 23,689.60 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 277 अंक यानी 1.18 प्रतिशत चढ़कर 23,689.60 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के स्टॉक बढ़त पर रहे जबकि 11 लाल निशान पर रुके।
भारती एयरटेल के स्टॉक में सर्वाधिक 5.32 प्रतिशत की तेजी
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारती एयरटेल के स्टॉक सर्वाधिक 5.32 प्रतिशत चढ़े। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, आईटीसी और एसबीआई जैसे शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई। इसके विपरीत इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक और मारुति सुजुकी के शेयरों में गिरावट रही।
रुपया 95.73 प्रति डॉलर (अस्थायी) के सबसे निचले स्तर तक फिसला
इस बीच कच्चे तेल के ऊंचे दाम और विदेशी पूंजी की निकासी के चलते रुपया 95.73 प्रति डॉलर (अस्थायी) के अपने सबसे निचले स्तर तक फिसल गया। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब एक प्रतिशत बढ़कर 106.48 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एफआईआई ने 4,703.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 4,703.15 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,869.05 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।

