Site icon hindi.revoi.in

घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बढ़त, सेंसेक्स 283 अंक चढ़ा, निफ्टी 25800 के पार

Social Share

मुंबई, 18 फरवरी। मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच बुधवार को बैंकों, धातु एवं एफएमसीजी कम्पनियों के शेयरों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ। दिलचस्प तो यह रहा कि लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बाजार ने पहले घंटे में गिरावट देखी। लेकिन दिन चढ़ते ही दोनों बेंचमार्क इंडेक्स हरे निशान पर चले गए। अंतिम घंटे में व्यापक खरीदारी के बीच बीएसई सेंसेक्स 283 अंक चढ़कर ठहरा तो एनएसई निफ्टी 94 अंकों की मजबूती से 25,800 का स्तर पार कर गया।

सेंसेक्स 83,734.25 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 283.29 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 83,770.05 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। सूचकांक ने 83,163.62 अंक पर दिन का निचला स्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 18 के शेयर हरे निशान पर बंद हुए जबकि 12 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 93.95 अंक बढ़कर 25,819.35 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 32 के स्टॉक सकारात्मक रहे और 16 में कमजोरी रही।

टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 2.90 फीसदी उछले

सेंसेक्स समूह की कम्पनियों में टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा 2.90 फीसदी उछले। आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, हिन्दुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में भी प्रमुख रूप से बढ़त रही। दूसरी ओर इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रही।

एफआईआई ने 995.21 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 995.21 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 187.04 करोड़ रुपये की खरीदारी की। उधर वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत बढ़कर 67.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Exit mobile version