Site icon hindi.revoi.in

घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 516 अंक फिसला, निफ्टी 150 अंक कमजोर

Social Share

मुंबई, 8 मई। ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध समाप्ति की सहमति न बन पाने से पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशकों की कमजोर पड़ती धारणा का ही यह असर था कि घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। इस क्रम में कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 516 अंक टूट गया जबकि एनएसई निफ्टी में 150 अंकों की कमजोरी दिखी।

सेंसेक्स 77,328.19 अंक पर बंद हुआ

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 516.33 अंक यानी 0.66 प्रतिशत गिरकर 77,328.19 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 698.09 अंक तक जा गिरा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 12 के शेयर लाभ में रहे तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 0.62 प्रतिशत गिरकर 24,176.15 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत गिरकर 24,176.15 अंक पर आ गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 21 के स्टॉक बढ़त पर रहे और 29 में कमजोरी रही।

भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में सर्वाधिक 6.62 फीसदी की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयर में मार्च तिमाही नतीजों के बाद सर्वाधिक 6.62 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे। इसके विपरीत टाइटन के शेयर अनुकूल तिमाही नतीजों के बाद 4.76 प्रतिशत चढ़ गया। एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में भी तेजी रही।

एफआईआई ने 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड अंतिम समाचार मिलने तक करीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Exit mobile version