Site icon hindi.revoi.in

राम मंदिर की 200 चांदी की ईंटों का विवाद थमा: सिंधी समाज ने ट्रस्ट के स्पष्टीकरण पर जताया संतोष, दर्शन की मांगी अनुमति

Social Share

अयोध्या, 11 जुलाई। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को दान की गई 200 चांदी की ईंटों को लेकर उठे विवाद के बीच विश्व सिंधी सेवा संगम ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्पष्टीकरण पर संतोष व्यक्त किया है। संगठन ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि को पत्र लिखकर कहा है कि ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी और स्पष्टीकरण से सभी दानदाता पूरी तरह संतुष्ट हैं और अब उन्हें इस मामले में किसी अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता नहीं है।

यह पत्र ट्रस्ट द्वारा 1 जुलाई 2026 को भेजे गए जवाब के संदर्भ में लिखा गया है। विश्व सिंधी सेवा संगम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष लायन डॉ. राजू मनवानी ने पत्र में कहा कि सिंधी समुदाय के 200 सदस्यों द्वारा दान की गई 200 चांदी की ईंटों के संबंध में ट्रस्ट ने विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई, जिसके लिए पूरा समुदाय आभार व्यक्त करता है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी 200 दानदाताओं ने चांदी की ईंटों का भुगतान सीधे संबंधित जौहरी को किया था और प्रत्येक दानदाता को भुगतान की रसीद भी जारी की गई थी।

संगठन ने कहा कि ट्रस्ट के विस्तृत स्पष्टीकरण के बाद अब इस मामले में किसी प्रकार का भ्रम या संदेह शेष नहीं है। विश्व सिंधी सेवा संगम ने ट्रस्ट के अनुरोध के अनुरूप सभी 200 दानदाताओं की सूची उनके संपर्क नंबरों सहित उपलब्ध करा दी है। साथ ही, उन 35 भारतीय शहरों और 17 देशों का विवरण भी साझा किया गया है, जहां से ये दानदाता जुड़े हुए हैं।

सितंबर-अक्टूबर में सामूहिक दर्शन की मांग

संगठन ने ट्रस्ट से अनुरोध किया है कि सितंबर या अक्टूबर 2026 में किसी उपयुक्त तिथि पर सभी दानदाताओं को सामूहिक रूप से श्रीराम मंदिर के दर्शन की अनुमति दी जाए। पत्र में कहा गया है कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद समुदाय के अधिकांश सदस्य अब तक अयोध्या आकर दर्शन नहीं कर सके हैं और वे एक साथ प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं। डॉ. राजू मनवानी ने ट्रस्ट के सहयोग और पारदर्शी जवाब के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

गौरतलब है कि पिछले दिनों राम मंदिर को दान में दी गई 200 चांदी की ईंटों को लेकर कुछ दानदाताओं ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आया था। हालांकि अब विश्व सिंधी सेवा संगम ने आधिकारिक रूप से ट्रस्ट के स्पष्टीकरण को स्वीकार करते हुए विवाद को समाप्त मानने का संकेत दिया है।

Exit mobile version