Site icon hindi.revoi.in

दिग्विजय सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई सियासत – RSS व भाजपा की तारीफ, कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल

Social Share

नई दिल्ली, 27 दिसम्बर। राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा भवन स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में आज कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) बैठक शुरू होने से ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।

दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी तस्वीर साझा की है, जिसमें मोदी लालकृष्ण आडवाणी के पैरों के पास बैठे नजर आ रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने इस तस्वीर के साथ लिखा, ‘RSS का जमीनी स्वयंसेवक और बीजेपी का जमीनी कार्यकर्ता नीचे बैठकर सीएम और पीएम बना… यह संगठन की ताकत है।’

दिग्विजय सिंह की इस सोशल मीडिया पोस्ट ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह कांग्रेस नेतृत्व को अप्रत्यक्ष रूप से नसीहत है? क्या दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेतृत्व को यह संदेश दे रहे हैं कि पार्टी में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कैडरों की कमी है? यह सवाल अब कांग्रेस के भीतर और बाहर तेजी से उठ रहा है। दिलचस्प यह है कि दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे के साथ प्रधानमंत्री मोदी को भी टैग किया है, जिससे राजनीतिक माहौल और गरमाया है।

पोस्ट की टाइमिंग पर उठ रहे सवाल

इस पोस्ट की अहमियत और बढ़ जाती है क्योंकि दिग्विजय सिंह ने इसे CWC की बैठक के समय पेश किया और वह खुद भी इस बैठक में मौजूद हैं। इस समय और संदेश के चलते यह पोस्ट राजनीतिक दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण हो गया है।

कुछ दिन पहले भी कांग्रेस को दी थी नसीहत

इससे पहले गत 19 दिसम्बर को दिग्विजय सिंह ने एक पोस्ट में राहुल गांधी को सीधे संदेश दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘कांग्रेस पर ध्यान दीजिए। हमें व्यावहारिक विकेंद्रीकरण की कार्यशैली की जरूरत है। मुझे उम्मीद है कि आप ऐसा करेंगे, लेकिन यह समझना आसान नहीं है।’

Exit mobile version