Site icon hindi.revoi.in

देवेंद्र फडणवीस का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले – ‘जिन्हें महाराष्ट्र की जनता ने नकारा..वो जनादेश को नकार रहे’

Social Share

मुंबई, 8 जून। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया, जिन्होंने बीते महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को भाजपा की ‘मैच फिक्सिंग’ करार देते हुए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पर परोक्ष रूप से आरोप लगाया था।

राहुल लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान करते हैं

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जनता द्वारा खारिज किए जाने के बाद अब कांग्रेस नेता बार-बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी लगातार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान करते हैं। वह बार-बार जनादेश का अनादर करते हैं। लोगों ने राहुल गांधी को नकार दिया है और बदले में वह लोगों को नकार रहे हैं। इससे कांग्रेस पार्टी और भी अधिक पतन की ओर बढ़ेगी।’

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी का शनिवार को अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में एक लेख प्रकाशित हुआ था, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया था कि 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव ‘लोकतंत्र में धांधली’ कैसी की जाती है, इसका उदाहरण है। उन्होंने चुनाव आयोग पर समझौता करने का आरोप लगाया था और कहा था कि यह ‘मैच फिक्सिंग’ अगली बार बिहार में होगी। हालांकि चुनाव आयोग ने तुरंत इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि एक प्रतिकूल चुनावी नतीजे के बाद संवैधानिक संस्था को बदनाम करना बिल्कुल बेतुका है।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में ही एक आर्टिकल लिखकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नता से सवाल पूछा, ‘लोकतांत्रिक प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार संदेह जताकर, यह देश को किस दिशा में ले जाया जा रहा है? किस तरह का जहर फैलाया जा रहा है?’

पिछले वर्ष हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 288 सीटों में से 235 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की। ​​महा विकास अघाड़ी (MVA) में शामिल किसी भी पार्टी को विपक्ष का नेता पद पाने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं मिलीं, जो छह दशकों में पहली बार हुआ।

आगामी विधानसभा चुनावों में हार के लिए अभी से बहाने तैयार कर रहे

फडणवीस ने अपने लेख में कहा, ‘मैं समझता हूं कि महाराष्ट्र में हार से कितना दुख पहुंचा होगा। लेकिन यदि आप इसी तरह किसानों, महिलाओं, नागरिकों और महाराष्ट्र की जनता की इच्छा का अपमान करते रहेंगे तो राज्य की जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी। मुख्यमंत्री और जनता के सेवक के तौर पर मैं महाराष्ट्र की जनता के इस तरह के अपमान की हमेशा निंदा करूंगा।’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी बिहार सहित आगामी विधानसभा चुनावों में हार के लिए अभी से बहाने तैयार कर रहे हैं।

Exit mobile version