Site icon Revoi.in

उत्तर प्रदेश : राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में छाया घना कोहरा, यलो अलर्ट जारी

Social Share

लखनऊ, 8 जनवरी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सुबह से ही घने कोहरे के साथ बर्फीली हवाओं के चलते सर्दी बरकरार है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में शीतलहर और अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। ठंड से बचाव के समुचित उपाय जरूर अपनाने चाहिए।

न्यूनतम तापमान में सोमवार तक कोई बदलाव नहीं होगा

न्यूनतम तापमान में सोमवार तक कोई बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से सटे जिलों को छोड़कर प्रदेश भर में घने कोहरे के लिए चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में शीतलहर के साथ छाया रहेगा घना कोहरा

दानिश के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ प्रदेश भर के 37 जिलों में चेतावनी जारी की गई है। सहारनपुर, हापुड़, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गौतम बुध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, अमरोहा, बिजनौर, संभल, बदायूं, कासगंज, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, फर्रुखाबाद समेत हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया में अत्यधिक घने कोहरे के साथ शीतलहर और शीत दिन के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है इसके तहत ठंड से बचाव के उपाय के साथ कोहरे में गाड़ी चलाने, फाग लाइट और अन्य सावधानियां बरतने की आवश्यकता है।

प्रदेश के 25 ज‍िलों में IMD का यलो अलर्ट

इसके अलावा प्रदेश भर के 25 जिलों में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत कोहरे के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है।राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा शीत लहर और दिनभर कोहरे के चलते प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई सबसे अधिक तापमान सोनभद्र के चुर्क में 19.5 डिग्री इटावा में 18.6 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी में 18 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है।