Site icon Revoi.in

गुजरात और हिमाचल प्रदेश पर दिल्ली यूनिवर्सिटी का एग्जिट पोल – भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत का अनुमान

Social Share

नई दिल्ली, 5 दिसम्बर। गुजरात व हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव और दिल्ली में एमसीडी चुनाव के नतीजे क्रमशः सात और आठ दिसम्बर को घोषित किए जाएंगे। कहां किसकी सरकार बनेगी, यह तो काउंटिंग के बाद ही साफ होगा। फिलहाल एग्जिट पोल्स के अनुमान सामने आने लगे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से किए गए एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में एक बार फिर भाजपा की सरकार बन सकती है।

गुजरात में भाजपा को रिकॉर्ड 167 सीटें मिलने का अनुमान

एग्जिट पोल का अनुमान है कि गुजरात में भाजपा रिकॉर्ड 167 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। यहां भगवा दल को 54.5 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है। 182 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को चार और आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 15 और आम आदमी पार्टी को 15.8 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल में भी रिकॉर्ड जीत का अनुमान

दिल्ली यूनिवर्सिटी के सर्वे में हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है। यहां 37 वर्षों का रिवाज खत्म करते हुए भाजपा लगातार दूसरी बार सरकार बना सकती है। एग्जिट पोल का अनुमान है कि 68 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 62 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को महज पांच सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है। आम आदमी पार्टी को एक सीट मिलने की बात कही गई है। भाजपा को 60 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस को 25.9 और आम आदमी पार्टी को चार फीसदी वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।

एमसीडी में आम आदमी पार्टी की जीत

डीयू के सर्वे में गुजरात और हिमाचल में जहां भाजपा की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है वहीं दिल्ली में भगवा दल को झटका लगने की बात कही गई है। एमसीडी में भाजपा को 99 वार्डों में जीत मिल सकती है तो आम आदमी पार्टी 140 सीटों पर कब्जा कर सकती है। कांग्रेस को छह सीटें और निर्दलीय को पांच सीटें मिल सकती हैं। भाजपा को 38.4 फीसदी और आम आदमी पार्टी को 42.2 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस को 11.1 और निर्दलीय को 8.3 फीसदी वोट शेयर मिलने की भविष्यवाणी की गई है।