ग्वालियर/नई दिल्ली, 23 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले सप्ताह AI इम्पैक्ट समिट के अंतिम दिन शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने बीती रात ग्वालियर से कांग्रेस नेता जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस इस मामले में अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, पुलिस सोशल मीडिया पर आए वीडियो के आधार पर काररवाई कर रही है। फुटेज के आधार पर ही ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले यूथ कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस जितेंद्र यादव को दिल्ली ले गई। इस मामले में अब तक ग्वालियर से तीन यूथ कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है। जितेंद्र यादव के अलावा इनमें अजय कुमार और राजा गुर्जर का नाम भी शामिल है।
जितेंद्र की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष, ग्रामीण जिलाध्यक्ष सभी लोग थाने एसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। वहीं इस मामले को लेकर ग्वालियर पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है।
परिजनों का क्या कहना है?
परिजनों ने बताया कि जितेंद्र अपने कमरे में थे। अचानक घर के गेट पर किसी की आहट हुई। जब तक परिवार के लोग बाहर आए,पुलिस सीधे उनके कमरे में जाकर उन्हें उठाकर नीचे ले आई। उन्होंने बताया कि पुलिस मारते पीटते दिल्ली की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गई। परिजन कुछ नेताओं के साथ थाने गए, लेकिन मिलने नहीं दिया गया। उनके मोबाइल के जरिए ही परिवार को संपर्क कराया गया।
पटियाला कोर्ट में पेश किए गए चार आरोपित
इससे पहले शनिवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में अन्य चार आरोपितों – कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव की पेशी हुई। कोर्ट ने चारों आरोपितों को पांच दिनों की पुलिस कस्टडी में रखा है। आरोपितों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 121, 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन सभी युवा नेताओं ने कार्यक्रम में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया था।
भारत मंडपम में शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की थी
उल्लेखनीय है कि भारत मंडपम में एआई इंपैक्ट समिट के अंतिम दिन 20 फरवरी को अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिला, जब युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने भारत मंडपम में शर्त उतारकर विरोध प्रदर्शन किया और मोदी विरोधी नारे भी लगाए। पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और 10 लोगों को हिरासत में ले लिया था।
प्रदर्शन के चलते मच गई थी अफरा-तफरी
युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे थे। वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं, तथा उन पर ‘इंडिया यूएस ट्रेड डील’, ‘एपस्टीन फाइल्स’ और ‘पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड’ जैसे नारे लिखे थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी। उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।

