Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली पुलिस ने स्कूलों और कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को मैसुरु में दबोचा

Social Share

मैसुरु (कर्नाटक), 29 मार्च। दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसुरु में एक घर पर छापा मारकर उस शख्स को दबोच लिया है, जिसने एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 1,100 फर्जी बम धमाकों के मैसेज भेजकर देशभर में दहशत फैलाई थी। पुलिस ने शहर के वृंदावन लेआउट स्थित एक घर पर छापा मारकर आरोपित श्रीनिवास उर्फ श्रीनिवास लुइस को पकड़ा। 47 वर्षीय श्रीनिवास अनजान जगहों से ये फर्जी मैसेज भेज रहा था।

पुलिस ने पुख्ता जानकारी के आधार पर ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता चला है कि उसने देशभर में कुल 1,100 धमकी भरे मैसेज भेजे थे। हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मैसुरु समेत देश के कई हाई कोर्ट, स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। ये धमकियां ईमेल और अन्य तरीकों से भेजी गई थीं, जिसके बाद कई थानों में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई थी।

उच्च शिक्षित बेरोजगार है बेंगलुरुवासी श्रीनिवास लुइस

आरोपित श्रीनिवास मूल रूप से बेंगलुरु का रहने वाला है। वह अविवाहित है और वृंदावन लेआउट इलाके में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहता है। उसने पोस्ट ग्रेजुएशन की है, फिलहाल वह बेरोजगार है। उसकी मां एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं और वही घर का खर्च चलाती हैं। श्रीनिवास का एक भाई भी है, जो कहीं और रहता है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित मानसिक रूप से परेशान था और अलग-अलग जगहों पर बम की फर्जी धमकियां भेजकर डर पैदा कर रहा था। हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट को मिले एक फर्जी बम संदेश के बाद, हाई कोर्ट के जज ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में दिल्ली के सीईएन (CEN) पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। इसे गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की।

दिल्ली पुलिस की टीम मैसुरु पहुंची और वी.वी. पुरम स्टेशन की पुलिस के सहयोग से वृंदावन लेआउट स्थित घर पर छापा मारकर जांच की। जांच के दौरान कमरे से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड मिले। आरोपित को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया और जज के सामने पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में ले लिया गया। वी.वी. पुरम पुलिस स्टेशन ने जानकारी दी है कि दिल्ली पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई है।

Exit mobile version