Site icon Revoi.in

सामूहिक दुष्कर्म मामले में दिल्ली महिला आयोग ने गाजियाबाद पुलिस को जारी की नोटिस

Social Share

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। दिल्ली महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 38 वर्षीया महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी की है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आज कहा कि घटना बहुत ही भयावह और परेशान करने वाली है। यह निर्भया कांड की याद दिलाती है। एक महिला का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

मालीवाल ने कहा, ‘महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने गाजियाबाद पुलिस को नोटिस जारी की है। सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त काररवाई की जाए। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि कब तक महिलाओं और बच्चों के साथ इतनी बर्बरता होगी।

आयोग को गाजियाबाद में एक महिला के साथ नृशंस दुष्कर्म की सूचना मिली थी। पीड़िता दिल्ली के नंदनगरी में रहती है और 16 अक्टूबर को अपने भाई के जन्मदिन समारोह में भाग लेने के लिए गाजियाबाद गई थी। रात में जब वह लौटते हुए ऑटो का इंतजार कर रही थी तो चार लोगों ने उसे स्कॉर्पियो कार से अगवा कर लिया। वे उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दो दिनों तक वे लोग महिला के साथ दुष्कर्म और प्रताड़ित करते रहे।

महिला के हाथ-पैर बांधकर सड़क पर फेंक दिया था। महिला खून से लथपथ गंभीर हालत में मिली थी। वह फिलहाल यहां के एक अस्पताल में भर्ती है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने मामले में गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर काररवाई रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने मामले में दर्ज प्राथमिकी की प्रति के साथ मामले में की गई काररवाई की जानकारी भी मांगी है।