Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने एमसीडी चुनाव में हार की ली जिम्मेदारी, पद से दिया इस्तीफा

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम चुनाव (एमसीडी) में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदेश गुप्ता ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस्तीफा सौंप दिया है और नड्डा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक आदेश में कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश के अनुसार दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद से आदेश गुप्ता का इस्तीफा स्वीकार किया जा रहा है। दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को अगले आदेश तक प्रदेश इकाई का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा रहा है।’

आदेश के इस्तीफे के बाद वीरेंद्र सचदेवा बनाए गए कार्यकारी अध्यक्ष

जानकारी के अनुसार आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद वीरेंद्र सचदेवा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। सचदेवा अगले अध्यक्ष की नियुक्ति तक कामकाज संभालेंगे। एमसीडी चुनाव में भाजपा ने 250 वार्डों में से 104 सीटें जीती थीं जबकि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 134 पर जीत हासिल की थी।

आदेश गुप्ता के क्षेत्र राजेंद्र नगर में भी हारी भाजपा

अहम तथ्य यह रहा कि एमसीडी चुनाव में भाजपा वहां भी सीट नहीं निकाल सकी थी, जहां आदेश गुप्ता रहते हैं। इस बारे में आदेश गुप्ता ने कहा था कि इलाके तो सांसदों और विधायकों के होते हैं। आदेश गुप्ता एमसीडी के वार्ड नंबर 141 के राजेंद्र नगर में रहते हैं। यहां से आम आदमी पार्टी की आरती चावला ने जीत दर्ज की है। हालांकि आदेश गुप्ता आखिरी तक अपनी जीत का दावा करते रहे थे। उनका दावा था कि जब आखिरी रिजल्ट आएगा तो सब साफ हो जाएगा।

आदेश गुप्ता ने कहा था कि बीजेपी ने नगर निगम का चुनाव मुद्दों पर लड़ा। 15 वर्षों बाद भी हमारी परफॉर्मेंस बेहतर रही। दिल्ली की जनता ने भाजपा पर भी विश्वास दिखाया है और ऐसा नहीं है कि पूरा समर्थन आम आदमी पार्टी को दे दिया है।

एमसीडी चुनाव के नतीजे आने के बाद आदेश गुप्ता ने आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा था कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का इलाका साफ हो गया। इस पर जब उनसे सवाल किया गया कि आपके इलाके में भी भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया तो गुप्ता ने कहा था, ‘भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कोई इलाका नहीं होता। इलाके सांसद और विधायकों के होते हैं। हम तो पूरी दिल्ली के अध्यक्ष हैं और दिल्ली के अध्यक्ष होने के नाते हम पूरी दिल्ली में काम करते हैं।’

Exit mobile version