Site icon hindi.revoi.in

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुभांशु शुक्ला और अन्य गगन यात्रियों को किया सम्मानित

Social Share

नई दिल्ली, 24 अगस्त। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और अन्य गगन यात्रियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने शुभांशु शुक्ला से कहा कि उनके अंदर का किसान अंतरिक्ष में जाकर भी जीवित रहा और उन्होंने अंतरिक्ष में खेती कर देशवासियों को प्रेरित किया। यह अनुभव भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों में बहुत मददगार साबित होगा। उल्लेखनीय है कि शुभांशु शुक्ला ने अपनी अंतरिक्ष यात्रा के दौरान अंतरिक्ष में मेथी और मूंग की खेती कर एक नई उपलब्धि हासिल की है।

शुभांशु की यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी

राजनाथ सिंह ने कहा कि शुभांशु की यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और दिखाएगी कि कठिन राहों पर भी यदि श्रद्धा और मेहनत हो तो आकाश भी सीमा नहीं रह जाता। शुभांशु शुक्ला केवल वायु सेना का ही नहीं, बल्कि पूरे भारत और मानवता का प्रतिनिधि बने।

रक्षा मंत्री ने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष में केवल तकनीकी शक्ति या सैन्य ताकत के लिए नहीं बल्कि मानव सभ्यता की सामूहिक यात्रा और आत्मनिर्भर भारत के नए अध्याय के लिए सक्रिय है। उन्होंने चंद्रयान और मंगलयान सहित भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत इसे आने वाले भविष्य की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, ऊर्जा और मानवता के दृष्टिकोण से देखता है।

Exit mobile version