Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : गत चैम्पियन RCB को सबसे पहले प्लेऑफ का टिकट, लगातार छठी हार से PBKS की उम्मीदें क्षीण

Social Share

धर्मशाला, 17 मई। हरफनमौला वेंकटेश अय्यर (नाबाद 73 रन, 40 गेंद, चार छक्के, आठ चौके) व विराट कोहली (58 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, चार चौक) के आक्रामक अर्धशतकीय प्रहारों पर सवार गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने रविवार को यहां 23 रनों की जीत से टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में जहां सबसे पहले प्लेऑफ का टिकट हासिल किया वहीं शुरुआती सात मैचों के बाद शीर्ष पर रहे गत उपजेता पंजाब किंग्स (PBKS) की लगातार छठी पराजय के बाद उम्मीदें क्षीण हो चुकी हैं।

वेंकटेश, विराट, पडिक्कल व डेविड ने आरसीबी को 222 रनों तक पहुंचाया

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य आरसीबी ने वेंकटेश व व कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल (45 रन, 25 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) व टिम डेविड (नाबाद 28 रन, 12 गेंद, दो छक्के, दो चौके) के भी त्वरित प्रहारों और इन चारों के बीच हुईं तीन बड़ी अर्धशतकीय भागीदारियों से चार विकेट पर 222 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

भुवी व रसिख सहित साथी गेंदबाजों ने पंजाब को 199 पर रोका

जवाबी काररवाई में भुवनेश्वर कुमार (2-38) ने जहां दोनों दमदार सलामी बल्लेबाजों – प्रियांश कुमार (शून्य) व प्रभसिमरन सिंह (2) को शुरुआत में ही लौटाकर पंजाब किंग्स को बड़ा झटका दिया वहीं रसिख सलाम (3-36) ने कप्तान श्रेयर अय्यर (एक रन) व पारी के इकलौते अर्धशतकवीर शशांक सिंह (56 रन, 27 गेंद, चार छक्के, चार चौके) सहित तीन बल्लेबाजों को निबटाया। नतीजा यह हुआ कि मेजबान टीम आठ विकेट पर 199 रनों तक जाकर ठहर गई।

आरसीबी का अंक तालिका में शीर्ष पर रहना लगभग तय

अंक तालिका में पहले ही शीर्ष पर काबिज आरसीबी ने लगातार तीसरी व कुल नौवीं जीत से 13 मैचों में सर्वाधिक 18 अंक अर्जित कर लिए हैं और लीग चरण के समापन तक उसका शीर्ष पर रहना लगभग तय है। इसकी वजह है कि प्लेऑफ की रेस में शामिल टीमों में सिर्फ गुजरात टाइटंस (13 मैचों में 16 अंक), सनराइजर्स हैदराबाद (12 मैचों में 14 अंक) व राजस्थान रॉयल्स (11 मैचों में 12 अंक) ही अधिकतम 18 अंकों तक जा सकती हैं। हालांकि उनका नेट रन रेट आरसीबी से काफी कम है। यही नहीं वरन आरसीबी ने यदि अपने अंतिम मैच में सनराइजर्स को हरा दिया तो वह मौजूदा सत्र में 20 अंक हासिल करने वाला इकलौता दल बनेगा।

वहीं दूसरी ओर श्रेयस अय्यर एंड कम्पनी को तो मानो किसी की नजर ही लग गई है, जो 13 मैचों में छठी पराजय के बाद 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। देखा जाए तो सात मैचों के बाद शीर्ष पर रही टीम दूसरे व तीसरे स्थान पर खिसकती हुई पिछले कुछ मैचों से चौथी पोजीशन पर अटकी हुई है। अब रेस से बाहर हो चुके लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ पंजाब किंग्स का अंतिम मुकाबला होना है और उसमें जीत मिलने पर  भी उसका प्लेऑफ का स्थान रेस में शामिल अन्य टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

पंजाब किंग्स के शीर्ष 3 बल्लेबाज 19 रनों के भीतर चलते बने

कठिन लक्ष्य के सामने पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही, जब चौथे ओवर में 19 रनों के भीतर तीन शीर्ष बल्लेबाज लौट गए। भुवनेश्वर ने तीसरी ही गेंद पर प्रियांश आर्य मायूस किया तो उनके अगले प्रभसिमरन सिंह चलते बने। वहीं रसिख सलाम ने कप्तान श्रेयस को निबटा दिया। इसके बाद कूपर कोनोली (37 रन, 22 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) व सूर्यांस शेडगे (35 रन, 22 गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने 43 रनों की साझेदारी से स्थिति संभाली।

शशांक व स्टोइनिस के बीच 32 गेंदों पर 67 रनों की साझेदारी

कोनेली व शेडगे के लौटने के बाद शशांक सिंह व मार्कस स्टोइनिस (37 रन, 25 गेंद, पांच चौके) के बीच छठे विकेट के लिए 32 गेंदों पर 67 रनों की इकलौती अर्धशतीय भागीदारी आई, लेकिन वह टीम की जीत के लि पर्याप्त साबित नहीं हुई। रसिख व भुवी के अलावा जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा व रोमारियो शेफर्ड को एक-एक सफलता मिली।

कोहली का चौथा पचासा, पडिक्कल संग 42 गेंदों पर 76 न जोड़े

इसके पूर्व आरसीबी की टीम रजत पाटीदार की, जो मैच में नहीं उतरे, जगह जितेश शर्मा की अगुआई में उतरी। हालांकि जैक बेथेल (11 रन, सात गेंद, दो चौके) तीसरे ही ओवर में हरप्रीत ब्रार (2-35) के शिकार हो गए। लेकिन विराट व पडिक्कल ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। इस क्रम में कोहली ने न सिर्फ का चौथा पचासा जड़ा वरन आईपीएल में सर्वाधिक नौवीं बार पांच सौ से ज्यादा का स्कोर करने वाले बल्लेबाज भी बने गए। इस दौरान उन्होंने देवदत्त संग 42 गेंदों पर 76 रनों की भागीदारी कर दी।

वेंकटेश ने विराट व टिम डेविड संग कीं दो अर्धशतकीय भागीदारियां

पडिक्कल को 10वें ओवर में ब्रार ने अपना दूसरा शिकार बनाया तो कोहली व वेंकटेश के बीच 35 गेंदों पर 60 रन जुड़ गए। युजवेंद्र चहल (1-42) ने विराट को 15वें ओवर में पैवेलियन भेजा तो ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तो अय्यर को टिम डेविड का साथ मिला और दोनों ने 30 गेंदों पर ही 65 रन ठोकते हुए टीम को 222 रनों तक पहुंचा दिया। पारी की अंतिम गेंद पर अर्शदीप सिंह (1-43) ने टिम को आउट किया।

आईपीएल का नया रिकॉर्ड : 53वीं बार 200+ का स्कोर

कुल मिलाकर देखें तो मौजूदा सत्र में रनों की तूफानी बारिश का अंदाज सहज ही लगाया जा सकता है कि 61 मैचों में यह 53वां मौका था, जब किसी टीम ने 200 से ज्यादा रनों का आंकड़ा पार किया, जो आईपीएल इतिहास का नया रिकॉर्ड है। यह देखना दिलचस्प होगा कि सत्र के बचे 13 मैचों में अभी 200+ के और कितने आंकड़ें दिखते हैं।

स्कोर कार्ड

सोमवार का मैच : चेन्नई सुपर किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (चेन्नई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version