Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : मौजूदा चैम्पियन RCB चौथी जीत से शीर्ष पर, गेंदबाजों ने LSG को सस्ते में समेटा

Social Share

बेंगलुरु, 15 अप्रैल। तेज गेंदबाजों – रसिख सलाम (4-24) व भुननेश्वर कुमार (3-27) एवं उनके साथी गेंदबाजों ने बुधवार की रात यहां एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को सस्ते में समेटने के साथ मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की राह आसान कर दी, जिसने 29 गेंदों के शेष रहते पांच विकेट की प्रभावी जीत से टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

मार्श, मुकुल व बदोनी के प्रयासों से 146 रनों तक पहुंच सकी लखनऊ टीम

पहले बल्लेबाजी के लिए बाध्य लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम विपक्ष की मारक गेंदबाजी के खिलाफ दम दिखाने में असफल रही और मिचेल मार्श (40 रन, 32 गेंद, दो छक्के, तीन चौके), मुकुल चौधरी (39 रन, 28 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व आयुष बदोनी (38 रन, 24 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) की कोशिशों से 20 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 146 रनों तक पहुंच सकी।

विराट कोहली का फिर ऑरेंज कैप पर कब्जा

जवाबी काररवाई के दौरान पांच मैचों में सर्वाधिक 228 रनों के साथ एक बार फिर ऑरेंज कैप पर अधिकार कर लेने वाले विराट कोहली (49 रन, 34 गेंद, एक छक्का, छह चौके) की अगुआई में अन्य बल्लेबाजों के त्वरित प्रयासों से आरसीबी ने 15.1 ओवरों में पांच विकेट पर ही 149 रन बना लिए।

आरसीबी ने RR व PBKS को पीछे धकेला

आरसीबी (आठ अंक) ने पांच मैचों में चौथी जीत के सहारे अंक तालिका में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचने के लिए राजस्थन रॉयल्स (आठ अंक) व पंजाब किंग्स (सात अंक) को क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर धकेला। वहीं पांच मैचों में लगातार दूसरी व कुल तीसरी पराजय के बाद एलएसजी (चार अंक) सातवें स्थान पर है। कुल मिलाकर चौथे से आठवें स्थान तक की कुल पांच टीमों के चार-चार अंक हैं।

कमजोर लक्ष्य का पीछा करने उतरे आरसीबी की पारी देखें तो फिल साल्ट (सात रन, एक चौका) भले ही दूसरे ही ओवर में प्रिंस यादव (3-32) के शिकार बन गए, लेकिन कोहली ने उतरते ही रफ्तार पकड़ ली। उन्होंने सामने पड़ी पहली 14 गेंदों पर एक छक्का और छह चौके जड़ दिए।

कोहली व पडिक्कल के बीच 57 रनों की साझेदारी

इसी क्रम में पावर प्ले में आरसीबी के 60 रन बन गए, उस समय कोहली 14 गेंदों पर 32 रन बना चुके थे। लेकिन जैसे ही फील्ड फैली और LSG ने सही लेंग्थ पर गेंदें फेंकनी शुरू की तो रन बनाना मुश्किल हो गया। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि कोहली अपनी आखिरी 20 गेंदों पर सिर्फ 17 रन बना सके। आवेश खान (2-23) ने आठवें ओवर में देवदत्त पडिक्कल (10 रन, एक चौका) को लौटाने के साथ ही 34 गेंदों पर हुई 57 रनों की भागीदारी तोड़ी। इसी गेंदबाज ने कोहली को भी चलता किया, जो सत्र के तीसरे अर्धशतक से एक रन दूर रह गए।

स्कोर कार्ड

खैर, कप्तान रजत पाटीदार (27 रन, 13 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) व जितेश शर्मा (23 रन, नौ गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने तेज हाथ दिखाते हुए सिर्फ 13 गेंदों पर 35 रन जोड़कर दल को लक्ष्य के निकट ला खड़ा किया। हालांकि 13वें ओवर में प्रिंस ने दोनों को लौटा दिया। लेकिन टिम डेविड (नाबाद 14 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) व रोमारियो रदरफोर्ड (नाबाद 14 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने अगली 15 गेंदों पर अटूट 27 रन जोड़कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

रसिख व भुवी ने विकेट निकाले तो हेजलवुड व क्रुणाल ने बनाया दबाव

इसके पूर्व रसिख खान व भुवी ने बेशक, लखनऊ के विकेट लगातार अंतराल पर निकाले। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मौजूदा सत्र में दूसरा मैच खेल रहे कंगारू पेसर जोश हेजलवुड (1-20) बन बैठे, जिन्होंने वामहस्त स्पिनर क्रुणाल पंड्या (2-38) संग मिलकर आरसीबी का आधार मजबूत किया। दरअसल, इन दोनों ने एक छोर से दबाव बनाया तो दूसरे छोर पर बल्लेबाज गलतियों के चलते विकेट देते चले गए।

लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को बायीं कोहनी में चोट लगी

लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत (एक रन, छह गेंद) की बात करें तो मौजूदा सत्र उनके लिए अब तक कमोबेश निराशाजनक रहा है। आज की रात भी उनके लिए काफी मुश्किल भरी रही, जब उनकी बाईं कोहनी पर चोट लग गई। पांचवें ओवर में हेजलवुड की गेंद पर लगी चोट की वजह से उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और 16वें ओवर में जब LSG की हालत बहुत खराब थी, तब वह वापस आए, लेकिन टीम के काम न आ सके।

हेजलवुड की बेहतरीन गेंदबाजी

दरअसल, हेजलवुड के शुरुआती सात ओवरों में से तीन ओवर खुद फेंकने की वजह से RCB ने शुरू में ही मजबूत पकड़ बना ली। एक ऐसी पिच पर, जो सूखी थी और जहां गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी, हेजलवुड ने बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका न देकर उनके लिए बल्लेबाजी बेहद मुश्किल बना दी। जब पंत ने कोशिश की तो उनकी बाईं कोहनी पर चोट लगी और उन्हें चोट की वजह से मैदान छोड़ना पड़ा। जब निकोलस पूरन (एक रन) ने कोशिश की तो गेंद उनके ही स्टंप्स से जा टकराई।

हेजलवुड इतनी शानदार गेंदबाजी कर रहे थे कि एक समय तो ऐसा लगा कि उनके लिए स्लिप और शॉर्ट लेग पर फील्डर लगाने की जरूरत है। खैर, बदोनी संग 36 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी करने वाले मार्श और फिर मुकुल के प्रयासों से लखनऊ टीम 150 रनों के करीब पहुंच सकी, जो बाद में बचाव के लिए अपर्याप्त साबित हुई।

गुरुवार का मैच : मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स (मुंबई, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version