Site icon hindi.revoi.in

महाराष्ट्र : रायगढ़ भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 पहुंची, भारी बारिश के कारण बचाव अभियान बंद

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

मुंबई, 20 जुलाई। महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के भूस्खलन प्रभावित इरशालवाड़ी गांव में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। एनडीआरएफ अधिकारियों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार लगातार मूसलाधार बारिश के बीच बुधवार रात करीब 11 बजे शुरू हुए भूस्खलन में गुरुवार को 16 शव बरामद किए गए और 21 लोगों को बचाया गया। हालांकि भारी बारिश व अंधेरे में और भूस्खलन के खतरे के कारण स्थानीय प्रशासन के परामर्श से इलाके में बचाव अभियान बंद कर दिया गया है, जो शुक्रवार की सुबह फिर से शुरू होगा।

सीएम शिंदे ने भूस्खलन प्रभावित इरशालवाड़ी गांव में डेरा डाला

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे चल रहे बचाव अभियान और राहत कार्यों की समीक्षा करने के लिए रायगढ़ जिले के खालापुर के पास भूस्खलन प्रभावित इरशालवाड़ी गांव में डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की राहत देने की भी घोषणा की है।

मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की राहत राशि की घोषणा

सीएम शिंदे ने संवाददाताओं से कहा, ‘यह गांव भूस्खलन संभावित गांवों की सूची में नहीं था। अब हमारी प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को बचाना है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और राज्य सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। लगातार भारी बारिश हो रही है और मलबे का 20 फुट ऊंचा ढेर लग गया है। अधिकारी बचाव अभियान के लिए मशीनरी ले जाने में सक्षम नहीं हैं।’

वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार और साइट पर मौजूद अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि रायगढ़ जिले में बड़े पैमाने पर भूस्खलन स्थल पर खोज और बचाव कर्मियों को इलाके के कठिन पहाड़ी इलाके के कारण बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

आदिवासी गांव इरशालवाड़ी में पक्की सड़क नहीं

मुंबई से लगभग 80 किलोमीटर दूर खालापुर तहसील का इरशालवाड़ी एक आदिवासी गांव है, जहां पक्की सड़क नहीं है और मुंबई-पुणे राजमार्ग पर चौक गांव इसका निकटतम शहर है। एक अधिकारी ने कहा कि इलाके में झोपड़ियों तक जाने वाली एक छोटी सड़क बारिश के कारण फिसलन भरी हो गई है, साथ ही अर्थ-मूवर्स और उत्खनन जैसी भारी मशीनरी को वहां नहीं ले जाया जा सकता।

मुंबई में 24 घंटे के दौरान 100 मिमी बारिश दर्ज की गई

अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के लिए दो हेलीकॉप्टर तैयार रखे गए हैं, लेकिन मौसम साफ होने तक वे उड़ान नहीं भर सकते। मुंबई में कल लगातार बारिश हुई, पिछले 24 घंटे में शहर में करीब 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने गुरुवार के लिए क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ठाणे के लिए गुरुवार तक रेड अलर्ट जारी किया गया है। पालघर और रायगढ़ जिले रेड अलर्ट पर हैं।

रायगढ़ में 2,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

रायगढ़ की बात करें तो कुछ हिस्सों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण 2,200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कम से कम 125 घरों को नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि लगातार बारिश के परिणामस्वरूप, रायगढ़ में 28 में से 17 बांधों में क्षमता से अधिक पानी है।

जुलाई, 2014 के बाद महाराष्ट्र में सबसे बड़ा भूस्खलन

बताया जा रहा है कि 30 जुलाई, 2014 को पुणे जिले की अंबेगांव तहसील के मालिन गांव में हुए भूस्खलन के बाद यह महाराष्ट्र में सबसे बड़ा भूस्खलन है। भूस्खलन की उस घटना में लगभग 50 परिवारों वाले पूरे आदिवासी गांव में तबाही मच गई थी और मरने वालों की अंतिम संख्या 153 बताई गई थी।

Exit mobile version