Site icon Revoi.in

उत्तराखंड में बारिश का कहर : मृतकों की संख्या 23 तक पहुंची, पीएम मोदी ने सीएम धामी से जानकारी ली

Social Share

देहरादून/नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश से कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल तथा अल्मोड़ा जिलों में मंगलवार को और 16 लोगों की मौत हो गई। सोमवार को छह मौतें हुई थीं। सचिव आपदा प्रबंधन एस.ए. मुरुगेशन के मुताबिक दो दिनों में प्रदेश में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।

कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

मूसलाधार बारिश के ही चलते राज्य की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और कई एप्रोच पुल भी टूट गए हैं। सेना और राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) जिला प्रशासन के सहयोग से बचाव तथा राहत अभियान चला रहे हैं। राहत कार्य के लिए सेना के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के रामगढ़ में धारी तहसील में सुबह दोषापानी और तिशापानी में बादल फट गया। इस दौरान मजदूरों की झोपड़ी पर रिटेनिंग दीवार गिर गई, जिसमें सात लोग मलबे में दब गए। उधर, खैरना में झोपड़ी में पत्थर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। चंपावत के तेलवाड़ में एक व्यक्ति भूस्खलन की चपेट में आ गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने वर्षा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिन में वर्षा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के पर्वतीय इलाकों में अभी भी हल्‍की बारिश हो रही है जिससे सभी प्रमुख नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता का आश्‍वासन दिया

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और राहत तथा बचाव अभियान और बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। पीएम मोदी ने राज्य को हर संभव सहायता का आश्‍वासन दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में कुछ जगहों पर नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन सतर्क है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर राज्य के सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वह सभी जिलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं और जिलाधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

कई ट्रेनें प्रभावित

बारिश के बाद उत्तराखंड आने वाली कई ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। वहीं, कई ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के मुख्य स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

काठगोदाम – 9368702980.      

हल्द्वानी – 9368702979.  

रुद्रपुर – 9368702984.   

लाल कुआं – 9368702978.