Site icon hindi.revoi.in

पंजाब : ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बहाने साइबर ठग भी सक्रिय, लुधियाना पुलिस ने सतर्क रहने की दी सलाह

Social Share

लुधियाना, 23 मई। कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर शुरू हुआ सोशल मीडिया कैम्पेन अब स्कैमर्स के लिए एक बड़ा हथियार बनता नजर आ रहा है। इस क्रम में पंजाब के लुधियाना में साइबर ठगी के नए मामले सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ठग अब सोशल मीडिया और ह्वाट्सएप पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के नाम से फर्जी लिंक भेजकर लोगों के बैंक खातों से पैसे चोरी कर रहे हैं।

लिंक पर क्लिक करते ही फोन हो रहा है हैक

लुधियाना पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी लोगों को एक मैसेज भेज रहे हैं, जिसमें लिखा होता है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी जॉइन करने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।’ पुलिस का कहना है कि यह एक फिशिंग लिंक है। जैसे ही कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद ठग बैंक डिटेल्स और निजी जानकारी चुरा लेते हैं और खाते से पैसे निकाल लेते हैं।

पुलिस ने लोगों को किया सावधान

पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने कहा कि साइबर ठग लगातार नए तरीके अपनाकर लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ठग लोगों के नाम पर लोन भी ले सकते हैं और बैंक खाते खाली कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर जारी किया अवेयरनेस वीडियो

लुधियाना पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर एक विशेष वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में बताया गया है कि कैसे एक छोटी सी गलती से बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। पुलिस ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति ऐसे साइबर फ्रॉड का शिकार होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध लिंक या मैसेज की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई है।

Exit mobile version