Site icon hindi.revoi.in

मुंबई हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने जब्त किया 61 किलोग्राम सोना, 7 लोग गिरफ्तार

Social Share

मुंबई, 13 नवम्बर। सीमा शुल्क विभाग ने मुंबई एयरपोर्ट पर दो अभियानों में 61 किलोग्राम सोना जब्त किया है। दावा किया जा रहा है कि मुंबई हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क के इतिहास में एक दिन में यह सबसे बड़ी सोने की जब्ती है।

मुंबई हवाईअड्डे पर एक दिन में सबसे बड़ी सोने की जब्ती

एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अलग-अलग अभियानों में 32 करोड़ रुपये का 61 किलोग्राम सोना जब्त किया है, जो एक दिन में हवाईअड्डे पर विभाग द्वारा जब्त की गई सर्वाधिक कीमत है। शुक्रवार को हुई इस बरामदगी में दो महिलाओं सहित सात यात्रियों को गिरफ्तार किया गया था।

तंजानिया से लौट रहे 4 यात्रियों के पास से 53 किग्रा यूएई निर्मित सोने की छड़ें बरामद 

अधिकारी ने कहा कि पहले अभियान में, तंजानिया से लौट रहे चार भारतीयों के पास सोने की छड़ें मिलीं, जिन्हें कई जेबों वाले विशेष रूप से डिजाइन किए गए बेल्ट में छुपाया गया था। अधिकारियों ने यात्रियों द्वारा अपने धड़ पर पहनी गई बेल्ट से 28.17 करोड़ रुपये मूल्य की 53 किलोग्राम यूएई निर्मित सोने की छड़ें बरामद कीं।

अधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान दोहा हवाईअड्डे पर एक सूडानी नागरिक ने यात्रियों को बेल्ट सौंपी। उन्होंने कहा कि चारों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया और एक अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

दुबई से आए 3 यात्रियों के पास से 8 किलो सोना जब्त

इसी तरह, सीमा शुल्क अधिकारियों ने दुबई से आए तीन यात्रियों से 3.88 करोड़ रुपये मूल्य का आठ किलोग्राम सोना जब्त किया। उन्होंने कहा कि दो महिलाओं सहित तीनों मोम के रूप में सोना ले जा रहे थे।

यात्रियों द्वारा पहनी जाने वाली जींस की कमर में सोने को चतुराई से छुपाया गया था। महिलाओं में से एक की उम्र 60 के आसपास थी और वह ह्वीलचेयर पर थी। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Exit mobile version