Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-19 : CSK ने सत्र में दूसरी बार MI को दी पटखनी, हार्दिक एंड कम्पनी पर बाहर होने का खतरा

Social Share

चेन्नई, 2 मई। पांच-पांच बार के दो पूर्व चैम्पियनों की टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के मौजूदा सत्र में शनिवार को दूसरी मुलाकात हुई। लेकिन मारक गेंदबाजी के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 67 रन, 48 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) की अगुआई में ठोस बल्लेबाजी से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) पर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी और 11 गेंदों के शेष रहते आठ विकेट की प्रभावशाली जीत से हार्दिक पंड्या एंड कम्पनी को लीग से बाहर होने के खतरे में धकेल दिया।

अंशुल व नूर ने मुंबई इंडियंस को 159 पर सीमित किया

चेपॉक स्थित एमए चिदांबरम स्टेडियम में पिछले हफ्ते गुजरात टाइटंस खिलाफ पिच नंबर छह को समझने में हुई चूक के बाद, सीएसके ने आज पिच नंबर पांच का फायदा उठाया और पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम अंशुल कम्बोज (3-32) व नूर अहमद (2-26) सहित अन्य गेंदबाजों के सामने सात विकेट पर 159 रनों तक ही पहुंच सकी।

गायकवाड़ व कार्तिक के पचासों से सीएसके की आसान जीत

जवाबी काररवाई में सीएसके के ओपनर संजू सैमसन (11 रन, नौ गेंद, दो चौके) भले ही दूसरे ही ओवर में लौट गए। लेकिन लगातार दूसरा पचासा जड़ने वाले ऋतुराज ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने उर्विल पटेल (24 रन, 12 गेंद, दो छक्के, दो चौके) के बाद एक अन्य अर्धशतकवीर कार्तिक शर्मा (नाबाद 54 रन, 40 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) संग अटूट भागीदारी से टीम को 18.1 ओवरों में दो विकेट पर ही 160 रनों तक पहुंचा दिया।

चौथी जीत के साथ चेन्नई टीम छठे स्थान पर पहुंची

सत्र के अपने पहले तीन मैचों में हार के साथ दयनीय शुरुआत करने वाले सीएसके की, जिसने गत 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में भी एमआई को 103 रनों से शिकस्त दी थी, यह नौ मैचों में चौथी जीत थी और अब उसने आठ अंक लेकर दिल्ली कैपिटल्स (आठ अंक) को नेट रन रेट के सहारे पीछे छोड़ खुद को छठे स्थान पर पहुंचा दिया है। वहीं हार्दिक की टीम को नौ मैचों में सातवीं पराजय झेलनी पड़ी और वह फिसड्डी लखनऊ सुपर जाएंट्स (आठ मैचों में चार अंक) से सिर्फ एक पायदान ऊपर यानी नौवें स्थान पर घिसट रही है।

स्कोर कार्ड

सीएसके की पारी में जसप्रीत बुमराह (1-20) ने दूसरे ओवर में 13 के योग पर संजू को विकेट के पीछे कैच करा दिया। लेकिन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ऋतुराज व उर्विल ने 22 गेंदों पर ही 49 रन ठोक दिए।

ऋतुराज व कार्तिक के बीच 98 रनों की अटूट साझेदारी

अल्लाह गजनफर (1-40) ने छठे ओवर में उर्विल को बोल्ड मारा तो यह मुंबई की अंतिम सफलता बनकर रह गई क्योंकि गायकवाड़ व  कार्तिक ने न सिर्फ अपने पचासे पूरे किए वरन 75 गेंदों पर 98 रनों की अटूट भागीदारी से दल की आसान जीत पर अंतिम मुहर लगा दी।

नमन धीर का पचासा, रिकेल्टन संग 58 रनों की भागीदारी

इसके पूर्व मुंबई को पहला झटका दूसरे ही ओवर में लगा, जब अंशुल कम्बोज ने विल जैक्स (एक रन) को चलता कर दिया। हालांकि इसके बाद आक्रामक अर्धशतक जड़ने वाले नमन धीर (57 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) ने पिछले मैच में तूफानी शतक जड़ने वाले रियान रिकेल्टन (37 रन, 24 गेंद, पांच चौके) संग 32 गेंदों पर 58 रन ठोक दिए।

 

अंतिम 56 गेंदों पर मुंबइया टीम सिर्फ 60 रन जोड़ सकी

नूर अहमद ने सातवें ओवर में रिकेल्टन की पारी पर विराम लगाया तो धीर ने सूर्यकुमार यादव (21 रन, 12 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग 24 गेंदों पर 40 रनों की साझेदारी कर दी। फिलहाल 11वें ओवर में 99 के स्कोर पर रामकृष्ण घोष ने सूर्या का शिकार किया तो लाइन लग गई और अंतिम 56 गेंदों पर सिर्फ 60 रन जुड़ सके। उस दौरान सिर्फ हार्दिक पंड्या (18 रन, 23 गेंद, दो चौके) ही दहाई में पहुंच सके।

रविवार के मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (हैदराबाद, अपराह्न 3.30 बजे), गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स (अहमदाबाद, शाम 7.30 बजे)।

Exit mobile version