नई दिल्ली, 27 जुलाई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान पैलेट गन फायरिंग के आरोपों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मीडिया की खबरों के अनुसार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने पाया है कि उसकी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान ने, जिसे 20 जुलाई को संसद तक विरोध मार्च के दौरान कनॉट प्लेस इलाके में तैनात किया गया था, अपनी पेलेट गन से कम से कम सात राउंड फायरिंग की। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि पांच राउंड प्रदर्शनकारियों को लगे जबकि दो जमीन पर गिरे।
गौरतलब है कि दो दिन पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी कहा था, ‘सरकार इस बात से इनकार करती रही है कि पेलेट चलाए गए थे। लेकिन यह रहा सबूत।’ उन्होंने साहिल की टी-शर्ट ऊपर उठाकर उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर पेलेट से लगी चोट के निशान दिखाए।
कांग्रेस सांसद राहुल ने कहा, ‘सरकार को झूठ बोलना बंद करना चाहिए। उन्होंने भारत के भविष्य पर बंदूकें चलाई हैं। एक पेलेट साहिल की एक आंख में लगा था, जिससे वह बुरी तरह डैमेज हो गई थी। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह तिरंगा झंडा लिए शांति से मार्च कर रहा था।’
उल्लेखनीय है कि अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए पेलेट गन का इस्तेमाल आखिरी उपाय के तौर पर किया जाता है, जब चेतावनी देने, समझाने-बुझाने, आंसू गैस और वॉटर कैनन जैसे कम घातक या गैर-घातक उपाय नाकाम हो जाते हैं।

