Site icon hindi.revoi.in

बिहार में भाजपा के पहले ‘सम्राट’ की ताजपोशी, चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, बिजेंद्र यादव व विजय डिप्टी सीएम

Social Share

पटना, 15 अप्रैल। बिहार में अंततः नीतीश युग की समाप्ति हुई और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले ‘सम्राट’ की ताजपोशी हो गई, जब नीतीश मंत्रिमंडल में डिप्टी सीएम रहे सम्राट चौधरी को आज पूर्वाह्न लोकभवन में सम्राट सैयद अता हसनैन ने सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिला दी। चौधरी के अलावा जनता दल (यूनाइटेड) के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

नड्डा व नीतीश सहित कई दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी

दरअसल, बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में यह पहला अवसर है, जब भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व मौजूदा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भीखूभाई दलसानिया और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार भी मौजूद थे। लोजपा (रामविलास) पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान भी इस शपथ समारोह के गवाह बने।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले सम्राट चौधरी पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर गए। हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद चौधरी सीधे लोकभवन पहुंचे। यहां मौजूद नेताओं का उन्होंने अभिवादन किया और फिर राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ के बाद ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए समर्थक

दिलचस्प नजारा तो यह रहा कि बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद उनके समर्थक बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे लगाते नजर आए। सम्राट चौधरी के समर्थक शपथ समारोह से पहले भी काफी उत्साह में नजर आ रहे थे। इस शपथ समारोह में सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी और उनके घर के कुछ अन्य सदस्य भी मौजदू थे।

डिप्टी सीएम विजेंद्र ने निशांत की अनुपस्थिति पर दिया जवाब

इस बीच बिहार के नवनियुक्त उप मुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह में JDU नेता निशांत कुमार की अनुपस्थिति पर कहा कि उनको खुद निर्णय लेना है कि वे राजनीति में आएंगे या नहीं। राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि वे खुद किसकी पाठशाला से निकले हैं?… पहले तो जनता दल ही था।

विजय चौधरी बोले – नीतीश की कार्यशैली अपनाएंगे

वहीं दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने शपथ लेने के बाद कहा, ‘मैंने जो आज शपथ ली है, इसके लिए मैं नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट करता हूं। ये उन्हीं के विश्वास का नतीजा है कि मुझे ये जिम्मेदारी मिली है… जो उनके (नीतीश कुमार) रास्ते हैं, उनकी नीतियां हैं, उनके तरीके हैं, उनके कार्यक्रम है, उनके तरीके हैं, उनकी कार्यशैली है, उसी पर चलने का काम हम करेंगे।’

‘नीतीश कुमार कोई दूसरा नहीं हो सकता’

विजय चौधरी ने कहा, ‘अब तक नीतीश कुमार का जो मॉडल था, उसमें भाजपा भी थी। अभी तुलना वाली कोई बात नहीं है। बिहार के मॉडल में नीतीश कुमार भी हैं, भाजपा भी है और अन्य तीन दल भी हैं… नीतीश कुमार कोई दूसरा नहीं हो सकता। नीतीश कुमार की जो सोच है, उनके काम करने का तरीका अद्भुत है। हमने उनके साथ बहुत कुछ सीखा है और उसी आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं। यही बात हमारे नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कही है कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए जो रास्ता, जो नीतियां व कार्यक्रम बनाए हैं, हम उसी को आगे बढ़ाएंगे इसलिए न कहीं कोई कंफ्यूजन है और न समझदारी का भाव है।’

Exit mobile version