Site icon Revoi.in

क्रिकेटर हरभजन सिंह अब माननीय बनेंगे, पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार घोषित

Social Share

नई दिल्ली, 17 मार्च। देश के ख्यातिनाम पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह भी अब माननीय बनने की कतार में शामिल हो गए हैं। दरअसल, उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) ने राज्यसभा के लिए पंजाब से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी को इस माह के अंत तक राज्यसभा में पांच सीटें मिलने वाली हैं।

भज्जी को एक खेल विश्वविद्यालय की कमान भी सौंप सकती है भगवंत मान सरकार

मीडिया रिपोर्ट में आम आदमी पार्टी के सूत्रों के हवाले से कहा गया है मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब की नवगठित राज्य सरकार भी हरभजन सिंह को एक खेल विश्वविद्यालय की कमान सौंप सकती है। अपनी मारक ऑफ स्पिन गेंदबाजी के लिए ‘टर्बनेटर’ के नाम भी लोकप्रिय भज्जी ने पिछले वर्ष 24 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।

विधानसभा चुनाव से पहले हरभजन के भाजपा में शामिल होने की अटकलें थीं

स्मरण रहे कि गत फरवरी में हुए पंजाब चुनाव से ठीक पहले हरभजन के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज थीं। कई मीडिया खबरों में हरभजन के अलावा पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के भी भाजपा में शामिल होने की खबरे चली थीं। हालांकि, भज्जी ने बाद में अफवाहों को खारिज कर दिया था। इसके बाद वह तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ भी नजर आए थे, लेकिन अब 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में 92 सीटों के बंपर बहुमत से सरकार बनाने के बाद ‘आप’ ने उनके राज्यसभा जाने की घोषणा कर दी है।

पंजाब से खाली हो रहीं सभी 5 राज्यसभा सीटें आप के खाते में जाएंगी

उल्लेखनीय है कि राज्य की पांच राज्यसभा सीटें अगले महीने रिक्त होने वाली हैं और इसके लिए चुनाव आयोग पहले ही अधिसूचना जारी कर चुका है। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए पंजाब में 31 मार्च को वोट डाले जाएंगे। उम्मीद की जा रही है कि राज्यसभा में इन पांच सीटों की मदद से आम आदमी पार्टी के सदस्यों की संख्या तीन से आठ हो जाएगी।