Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति चुनाव परिणाम : सांसदों के मतों की गिनती पूरी, द्रौपदी मुर्मू ने यशवंत सिन्हा पर बनाई 332 वोटों की बढ़त

Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव की गुरुवार को जारी मतगणना में उम्मीदों के अनुरूप विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के खिलाफ मजबूत बढ़त बना ली है। अंतिम समाचार मिलने तक पहले चरण में सांसदों के वोटों की गिनती पूरी होने के बाद मुर्मू ने 332 वोटों की बढ़त बना ली थी।

मुर्मू को सांसदों के 540 वोट, यशवंत सिन्हा को मिले 208 मत

सांसदों के कुल पड़े 748 वोट में मुर्मू को 540 वोट मिले हैं जबकि यशवंत सिन्हा को 208 वोट मिले हैं। वहीं 15 सांसदों के वोट अवैध घोषित हो गए हैं। मुर्मू को मिले सांसदों के वोट की कुल वैल्यू 3,78,000 है जबकि सिन्हा को मिले वोट की वैल्यू 1,45,600 है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को वोटिंग हुई थी। वोटों की गिनती आज पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुई। परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है। नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

राज्यों की विधानसभा में पड़े विधायकों के वोटों की गिनती की जानी है

अब राज्यों की विधानसभा में पड़े विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी। दूसरे चरण में 10 राज्यों में विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी। राज्यों में गिनती अल्फाबेट क्रम में होगी। उसके बाद अगले 10 राज्यों में विधायकों के वोटों की गिनती की जाएगी।

भाजपा दफ्तर में विजय जुलूस की तैयारियां शुरू

इस बीच भाजपा राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू की जीत को लेकर आश्वस्त है। पार्टी ने विजय जुलूस की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 3 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।

द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी

उधर, द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में भी जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नतीजे आने के बाद मिठाइयां बांटी जाएंगी। रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू हो गए हैं। जीत के बाद विजय जुलूस भी निकालने की तैयारियां की गई हैं। स्थानीय भाजपा नेता तपन महांता ने बताया कि 20,000 लड्डू बनाए जा रहे हैं। 100 बैनर भी बनाए गए हैं।