Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : एक्टिव केस की संख्या गिरकर 3.64 लाख के करीब, 149 दिनों में न्यूनतम

Social Share

नई दिल्ली, 19 अगस्त। दक्षिणी राज्य केरल में भले ही कोरोना संक्रमण का फैलाव कम नहीं हो रहा है, लेकिन देश के अन्य अधिकतर क्षेत्रों में महामारी का प्रकोप लगातार सिकुड़ रहा है। इस क्रम में बुधवार को राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 36 हजार नए केस आए, जिनमें लगभग 59 फीसदी मामले अकेले केरल से ही दर्ज किए गए। फिलहाल देश में रिवकरी रेट लगातार सुधार के साथ 97.53 फीसदी तक जा पहुंचा है जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 149 दिनों में न्यूनतम 3.64 लाख के करीब रह गई है।

केरल में लगातार दूसरे दिन 21 हजार से ज्यादा नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी नवीनतम बुलेटिन के अनुसार केरल में लगातार दूसरे दिन 21 हजार से ज्यादा कुल 21,427 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो 18,731 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए और 179 लोगों की मौत हुई। राज्य में इसके साथ ही कोरोना से मृतकों का आंकड़ा 19 हजार के पार 19,049 तक जा पहुंचा है। एक्टिव केस में 2,517 की दैनिक वृद्धि के साथ बुधवार तक राज्य में इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़कर 1,78,212 तक जा पहुंची थी।

13 राज्यों में इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़ी

केरल के अलावा महाराष्ट्र दूसरा राज्य रहा, जहां एक दिन में पांच हजार से ज्यादा 5,132 नए केस मिले और 158 लोगों की मौत हुई जबकि 8,196 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। राज्य में एक्टिव मामलो की संख्या भी गिरकर 61,568 रह गई है। वैसे केरल सहित 13 राज्यों में 24 घंटे के दौरान इलाजरत मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इनमें केरल को छोड़ सभी राज्यों में दैनिक वृद्धि 100 से कम ही रही।

देश में 36,401 नए संक्रमित, 9,157 स्वस्थ

मंत्रालय के अनुसार देश में बीते 24 घंटे के दौरान 36,401 नए केस दर्ज किए गए। इसके सापेक्ष 39,157 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 530 लोगों की मौत हुई। पिछले वर्ष जनवरी-फरवरी में भारत में कोरोना के आगमन के बाद से अब तक 3.23 करोड़ से ज्यादा लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 3.15 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 4.33 लाख से ज्यादा जानें जा चुकी हैं।

मार्च, 2020 के बाद रिकवरी रेट उच्चतम स्तर पर

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को रिकवरी रेट 97.53 फीसदी दर्ज किया गया, जो मार्च, 2020 के बाद उच्चतम स्तर पर है। एक्टिव केस में 3,286 की दैनिक गिरावट के साथ 18 अगस्त तक देश में कुल 3,64,129 इलाजरत मरीज थे। यह संख्या 149 दिनों में न्यूनतम है। इसके साथ ही सक्रियता दर मार्च, 2020 के बाद न्यूनतम स्तर 1.13 फीसदी तक जा गिरी है।

अब तक 56.64 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक 56.64 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। अभियान के 215वें दिन 18 अगस्त को 56.36 लाख से ज्यादा लोगों को टीके की खुराक दी गई। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अनुसार बुधवार को 18.73 लाख से ज्यादा लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही देशभर में 18 अगस्त तक 49.90 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 36,401

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 39,157

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 530

अब तक कुल संक्रमित : 3,23,22,258

अब तक कुल स्वस्थ : 3,15,25,080      

रिकवरी दर 97.53%

अब तक कुल मौतें : 4,33,049

मृत्यु दर 1.34%

इलाजरत मरीज : 3,64,129 (दैनिक गिरावट 3,286)

सक्रियता दर : 1.13%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 56,36,336

215 दिनों में कुल टीकाकरण : 56,64,88,433

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 18,73,757

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 49,90,41,021.