नई दिल्ली, 20 अगस्त। मौजूदा समय कोविड-19 महामारी से सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में लगातार तीसरे दिन 21 हजार से ज्यादा नए सक्रमित पाए गए और एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर फिर 1.80 लाख के करीब जा पहुंची। हालांकि अन्य कई राज्यों में कोरोना का दायरा तेजी से कम हो रहा है। यही वजह है कि मार्च, 2020 के बाद से रिकवरी दर अपने उच्चतम स्तर 97.54 फीसदी और सक्रियता दर अपने न्यूनतम स्तर 1.12 फीसदी पर जा पहुंची है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को नई बुलेटिन में यह जानकारी दी।
केरल सहित 12 राज्यों में बढ़े इलाजरत मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान केरल में 21,116 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो 197 मरीजों की मौत हुई जबकि 19,296 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक्टिव केस में 1,623 की दैनिक वृद्धि के बाद गुरुवार तक राज्य में कुल 1,79,835 इलाजरत मरीज थे। वैसे, दिनभर में केरल सहित 12 राज्यों में सक्रिय मरीज बढ़े, लेकिन केरल के बाद दूसरी सर्वाधिक दैनिक वृद्धि पुडुचेरी (36) में दर्ज की गई।
देश में 36,571 नए संक्रमित, 36,555 स्वस्थ
राष्ट्रीय स्तर पर गुरुवार को 36,571 नए संक्रमित पाए गए तो 540 मरीजों की मौत हुई और 36,555 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक्टिव केस में 524 की मामूली गिरावट के बाद देश में 19 अगस्त तक 3,63,605 सक्रिय मामले थे।
अब तक 50 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच
इस बीच गुरुवार को 54.71 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। इसके साथ ही टीकाकरण अभियान के तहत 216 दिनों में 57.12 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। दूसरी तरफ आईसीएमआर की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान 18.86 लाख से ज्यादा लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही देश में 20 अगस्त तक 50 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –
24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 36,571
24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 36,555
24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 540
अब तक कुल संक्रमित : 3,23,58,829
अब तक कुल स्वस्थ : 3,15,61,635
रिकवरी दर : 97.54%
अब तक कुल मौतें : 4,33,589
मृत्यु दर : 1.34%
इलाजरत मरीज : 3,63,605 (दैनिक गिरावट 524)
सक्रियता दर : 1.12%
24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 54,71,282
216 दिनों में कुल टीकाकरण : 57,22,81,488
24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 18,86,271
अब तक कुल सैम्पल की जांच : 50,09,27,292.