Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट: रिकवरी रेट 84% से ऊपर, सक्रियता दर 15% से नीचे गिरी, मृतक संख्या फिर 4 हजार के पार

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 16 मई। कोरोना महामारी की खतरनाक दूसरी लहर की हलचल लगातार कम हो रही है। ऐसा संकेत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़े दे रहे हैं, जो रविवार को पूर्वाह्न आठ बजे जारी किए गए। इस क्रम में संक्रमण से स्वस्थ होने वालों की दर (रिकवरी रेट) 84 से ऊपर 84.25 फीसदी हो गई है जबकि सक्रियता दर (एक्टिव रेट) 15 के नीचे 14.66 फीसदी चली गई है। हालांकि मृत्यु दर अब भी 1.09 फीसदी पर टिकी हुई है।

मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में संक्रमण के कुल 3,11,170 नए केस सामने आए और 4,077 लोगों की मौत हुई। पिछले दो दिनों में मौतों का आंकड़ा चार हजार से कम था। इसके विपरीत देशभर में कुल 3,62,437 लोग स्वस्थ घोषित किए गए।

दिनभर में एक्टिव मामलों की संख्या में 55,344 की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि अब भी कुल 36,18,458 लोगों का इलाज चल रहा है। 24 घंटे पूर्व देश में रिकवरी दर 83.83 फीसदी और सक्रियता दर 15.07 फीसदी थी।

कुल संक्रमण की बात करें तो अब तक देशभर में 2.46 करोड़ से ज्यादा 2,46,84,077 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 2.08 करोड़ के करीब 2,07,95,335 लोग कोरोना को परास्त कर चुके हैं जबकि 2.70 लाख से ज्यादा कुल 2,70,284 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में 18.22 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच शनिवार को देशभर में 17.33 लाख से ज्यादा 17,33,232 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन दी गई. इसके साथ ही अब तक 18.22 करोड़ से ज्यादा कुल 18,22,20,164 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। अगले हफ्ते वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता के बीच टीकाकरण अभियान में और तेजी आने की संभावना है। इसी क्रम में शनिवार को देशभर में कुल 18,32,950 लोगों की कोरोना जांच की गई।

Exit mobile version