Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : 85 दिनों बाद सक्रिय मामलों की संख्या 6 लाख से कम, एक्टिव रेट 2% से नीचे

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 26 जून। विभिन्न राज्यों में कोविड-19 के डेल्टा प्लस वैरिएंट की बढ़ती चिंता के बीच संक्रमण की दूसरी लहर का दायरा लगातार कम हो रहा है। इस क्रम में 85 दिनों बाद देश में इलाजरत मरीजों की संख्या गिरकर छह लाख से कम हो गई है जबकि एक्टिव रेट भी दो फीसदी से नीचे चला गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शनिवार को पूर्वाह्न जारी अद्यतन बुलेटिन में यह जानकारी साझा की है।

 स्वस्थ होने वालों की दर 96.72 फीसदी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे के अंदर देश में 48,698 नए संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही देश में अब तक 3.01 करोड़ से ज्यादा कुल 3,01,83,143 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसके सापेक्ष शुक्रवार को 64,818 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। अब तक 2.92 करोड़ के लगभग कुल 2,9193,085 लोगों ने इस जानलेवा बीमारी से निजात पाई है। यह संख्या कुल संक्रमितों की 96.72 फीसदी है।

अब तक 3.94 लाख से ज्यादा लोगों की मौत
बीते 24 घंटे के दौरान 1,183 लोगों की मौत भी हुई। इस प्रकार संक्रमण से मृतकों की संख्या अब 3.94 लाख से ज्यादा कुल 3,94,493 तक जा पहुंची है। मौजूदा मृत्यु दर 1.31 फीसदी है। शुक्रवार को एक्टिव मामलों की दैनिक गिरावट 17,303 रही। अब 1.97% फीसदी की दर से 5,95,656 मरीज इलाजरत हैं। देखा जाए तो 85 दिनों बाद सक्रिय मामलों की संख्या छह लाख से नीचे गिरी। अंतिम बार 31 मार्च को यह संख्या 5,84,067 दर्ज की गई थी।

एक दिन में 61 लाख लोगों का टीकाकरण, कुल संख्या 31.50 करोड़ के पार
इस बीच टीकाकरण अभियान के 161वें दिन शुक्रवार को 61,19,169 लोगों को वैक्सीन दी गई। इसके साथ ही देशभर में 31.50 करोड़ से ज्यादा अब तक कुल 31,50,45926 लोगों को टीके की पहली या दूसरी डोज दी गई है। दूसरी तरफ आईसीएमआर के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को दिनभर में 17,45,809 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही 25 जून तक देशभर में 40.18 करोड़ से ज्यादा कुल 40,18,11,892 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है।

केंद्र से राज्यों को अब तक दी गई 31.17 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 31.17 करोड़ से ज्यादा कुल 31,17,01,800 वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। इसके सापेक्ष शनिवार को पूर्वाह्न आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 29,71,80,733 वैक्सीन का इस्तेमाल किया गया है, जिनमें व्यर्थ गई डोज भी शामिल हैं।

Exit mobile version