Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : केरल ने फिर बढ़ाई चिंता, 24 घंटे के भीतर 22 हजार से ज्यादा नए संक्रमित

Social Share

नई दिल्ली, 28 जुलाई। देश में कोविड-19 की तीसरी लहर आने की आशंका के बीच केरल ने एक दिन के अंतराल पर फिर चिंता बढ़ा दी, जहां 24 घंटे के भीतर 22 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। इसका नतीजा यह हुआ कि सोमवार को देश में जहां चार माह से ज्यादा समय बाद 30 हजार से कम नए केस मिले थे वहीं मंगलवार को यह संख्या बढ़कर फिर 43 हजार के पार चली गई। यानी राष्ट्रीय स्तर पर दिनभर में सामने आए नए संक्रमितों में आधा से ज्यादा सिर्फ केरल ने जोड़े।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी नई बुलेटिन के अनुसार केरल में बीते 24 घंटे के अंदर 22,129 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। 29 मई के बाद एक दिन में नए संक्रमितों की यह सर्वाधिक संख्या है जबकि सोमवार को यहां संख्या 11,586 दर्ज की गई थी। मंगलवार को 13,415 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 156 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 8,558 की दैनिक वृद्धि के चलते राज्य में अब इलाजरत मरीजों की संख्या 1.45 लाख से पार 1,45,876 तक जा पहुंची है।

देखा जाए तो केरल से हटकर शेष 35 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में नए संक्रमितों की कुल संख्या 21,525 रही। हालांकि इस दौरान केरल सहित 15 राज्यों में एक्टिव मामलों की बढ़ी संख्या दर्ज की गई। इनमें केरल के बाद दूसरे नंबर पर पूर्वोत्तर का छोटा राज्य मिजोरम रहा, जहां 1,420 की वृद्धि के साथ अब 10,924 एक्टिव केस हो गए हैं। दिल्ली (33) और उत्तराखंड (21) भी उन राज्यों में शामिल रहे, जहां सक्रिय मामले बढ़े। दूसरी तरफ महाराष्ट्र में इलाजरत मरीजों की संख्या घटकर 85,447 रह गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 43,654 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए जबकि 41,678 मरीजों की रिकवरी हुई और 640 लोगों की मृत्यु हो गई। देश में अब तक लगभग 3.15 करोड़ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 3.06 करोड़ लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि इस दौरान 4.22 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस में 1,336 की दैनिक वृद्धि के साथ मंगलवार तक कुल 3,99,436 मरीजों का इलाज चल रहा था।

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत 193 दिनों में 44.61 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। इनमें मंगलवार को टीकाकरण का लाभ लेने वाले 40 लाख लोग शामिल हैं। दूसरी तरफ 24 घंटे के अंदर 17.36 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही 27 जुलाई तक लगभग 45.89 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 43,654

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 41,678

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 640

अब तक कुल संक्रमित : 3,14,84,605    

अब तक कुल स्वस्थ : 3,06,63,147

रिकवरी दर 97.39%

अब तक कुल मौतें : 4,22,022

मृत्यु दर 1.34%

इलाजरत मरीज : 3,99,436 (दैनिक वृद्धि 1,336)

सक्रियता दर : 1.27%

24 घंटे के दौरान टीककरण : 49,02,335

193 दिनों में कुल टीकाकरण : 44,61,56,659

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 17,36,857    

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 45,88,73,145.

Exit mobile version