Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : केरल में लगातार तीसरे दिन 22 हजार से ज्यादा नए संक्रमित, 15 राज्यों में बढ़े एक्टिव केस

Social Share

नई दिल्ली, 30 जुलाई। देश में कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंकाओं के बीच दक्षिणी राज्य केरल में हालात सुधरने का नाम नहीं ल रहे हैं। इस क्रम में लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी राज्य में 22 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। यह संख्या देशभर में कुल नए संक्रमितों की लगभग 50 फीसदी है। इसके साथ ही कुल 15 राज्यों में बीते 24 घंटे के भीतर सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी देखी गई।

केरल में अब 1.55 लाख से ज्यादा एक्टिव केस

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी नवीनतम बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान केरल में कुल 22,064 नए केस दर्ज किए गए तो 16,649 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए और 128 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 5,287 की दैनिक वृद्धि के साथ राज्य में गुरुवार तक इलाजरत मरीजों की संख्या बढ़कर 1,55,327 तक जा पहुंची थी।

दूसरी तरफ महाराष्ट्र में अब एक्टिव मामलों की संख्या गिरकर 81,933 रह गई है। गुरुवार को 7,242 नए केस आए तो 11,032 लोग स्वस्थ घोषित किए गए और 190 लोगों की मौत हुई। लेकिन केरल, आंध्र प्रदेश व पूर्वोत्तर कुछ राज्यों के अलावा काफी दिनों बाद उत्तर प्रदेश में भी सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि उत्तर प्रदेश में 16 की मामूली वृद्धि के साथ गुरुवार तक सिर्फ 784 सक्रिय मामले थे।

देशभर में 4.05 लाख से ज्यादा संक्रमित इलाजरत

मंत्रालय के अनुसार देशभर में गुरुवार को 44,230 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो 42,360 लोग स्वस्थ घोषित किए गए और 555 लोगों की मौत हुई। अब तक देश में 3.15 करोड़ से ज्यादा लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें 3.07 करोड़ से ज्यादा लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि इस दौरान  4.23 लाख से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है। एक्टिव केस में 1,315 की दैनिक बढ़ोतरी के साथ 29 जुलाई तक देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 4,05,155 थी।

24 घंटे के भीतर 51 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत गुरुवार को 51.83 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन दी गई। इसके साथ ही देशभर में 195 दिनों के भीतर 45.60 करोड़ से ज्यादा लोग टीकाकरण का लाभ ले चुके हैं। दूसरी तरफ 24 घंटे के अंदर 18.16 लाख से ज्यादा लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक 46.44 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 44,230

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 42,360

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 555

अब तक कुल संक्रमित : 3,15,72,344

अब तक कुल स्वस्थ : 3,07,43,972      

रिकवरी दर 97.38%

अब तक कुल मौतें : 4,23,217

मृत्यु दर 1.34%

इलाजरत मरीज : 4,05,155 (दैनिक वृद्धि 1,315)

सक्रियता दर : 1.28%

24 घंटे के दौरान टीककरण : 51,83,180

195 दिनों में कुल टीकाकरण : 45,60,33,754

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 18,16,277    

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 46,44,46,050.