Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : सक्रिय मामले 70 दिनों बाद 9 लाख से कम, रिकवरी रेट बढ़कर 95.80 फीसदी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 16 जून। कोविड-19 संक्रमण में लगातार सुधार के बीच देश में इलाजरत मरीजों की संख्या 70 दिनों बाद नौ लाख से नीचे आ गई है जबकि स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर लगभग 96 फीसदी (95.80%) तक जा पहुंची है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को पूर्वाह्न जारी नवीनतम बुलेटिन के आंकड़े यही तस्वीर दर्शा रहे हैं।

हालांकि देश के अन्य हिस्सों के विपरीत पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरे दिन स्वस्थ होने वालों के मुकाबले नए संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली। इस क्रम में मंगलवार को 3,268 नए केस मिले और 75 मरीजों की मौत हुई जबकि 2,068 स्वस्थ हुए। इस प्रकार एक्टिव केस 1,125 की वृद्धि के साथ अब 20,046 तक जा पहुंचे हैं।

वहीं महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से मृतकों की संख्या एक हजार से ज्यादा बनी हुई है। मंगलवार को राज्य में 1,458 लोगों की मृत्यु हुई। इसके साथ ही महाराष्ट्र में अब तक 1.14 लाख से ज्यादा 1,14,154 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि एक्टिव मामले गिरकर 1,41,440 हो चुके हैं।

फिलहाल राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो बीते 24 घंटे के दौरान 62,224 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई। मंगलवार को लगातार नौवां दिन था, जब नए संक्रमितों की संख्या एक लाख से कम और दैनिक पॉजिटिविटी दर पांच फीसदी से कम 3.22 फीसदी रही। इसके सापेक्ष 1,07,628 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 2,524 लोगों की मौत हुई।

मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 2.96 करोड़ से ज्यादा 2,96,33,105 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 2.83 करोड़ से ज्यादा कुल 2,83,88,100 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। यह संख्या कुल संक्रमितों की 95.80 फीसदी है। हालांकि इस दौरान 1.28 फीसदी की दर अब तक 3.80 लाख के करीब कुल 3,79,573 मरीजों की मौत हुई है।

देश में सक्रिय मामलों की संख्या में दैनिक गिरावट 47,946 रही। इसके साथ ही सक्रियता दर तीन फीसदी से नीचे गिरकर 2.92% हो गई है। अब भी देश में 8,65,432 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है।

इस बीच कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के 151वें दिन मंगलवार को 28 लाख से ज्यादा कुल 28,00,458 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके साथ ही अब तक देश में 26.19 करोड़ से ज्यादा कुल 26,19,72,014 लोगों को टीके की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसी क्रम में मंगलवार को 19,30,987 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही देश में 15 जून तक 38.33 करोड़ से ज्यादा कुल 38,33,06,971 लोगों की टेस्टिंग की जा चुकी है। 

Exit mobile version