Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : सक्रिय मामलों में लगभग 97 हजार की गिरावट, 24 घंटे में 3.69 लाख से ज्यादा स्वस्थ

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 20 मई। देश के अधिकतर हिस्सों में कोविड-19 के नए मामलों में लगातार आ रही कमी के बीच बीते 24 घंटे के दौरान लगभग 96,841 की गिरावट रही जबकि 3,69,077 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। इस बीच लगातार चौथे दिन संक्रमण के तीन लाख से कम 2,76,070 मामले दर्ज किए गए जबकि चार दिनों के बाद चार हजार से कम 3,874 लोगों की इस महामारी से मौत हुई।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को पूर्वाह्न आठ बजे जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार देशभर में अब तक संक्रमण के 2.57 करोड़ से ज्यादा कुल 2,57,72,400 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 2.23 करोड़ से ज्यादा 2,23,55,440 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ ही रिकवरी रेट बढ़कर 86.74 फीसदी तक जा पहुंची है। लेकिन मृत्यु दर 1.11 फीसदी पर टिकी हुई है और अब तक कुल 2.87 लाख से ज्यादा 2,87,122 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। देश में अब भी 31 लाख से तनिक ज्यादा 31,29,878 सक्रिय मामले हैं, जिनकी दर गिरकर 12.14 हो गई है।

इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जानकारी दी है कि देशभर में 19 मई तक 32 करोड़ से ज्यादा कुल 32,23,56,187 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है, जिनमें कुल 2,57,72,400 लोग संक्रमित पाए गए। बुधवार को कुल 20,55,010 लोगों की जांच की गई।

दूसरी तरफ स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 19 मई को कुल 11,66,090 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही अब तक देशभर में 18.70 करोड़ से ज्यादा 18,70,09,792 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

Exit mobile version