Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट: 63 दिनों बाद नए संक्रमितों की संख्या 1 लाख से कम, रिकवरी रेट 94 फीसदी से ऊपर

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 8 जून। देश में कमजोर पड़ती कोविड-19 की दूसरी लहर के बीच 63 दिनों बाद नए संक्रमितों की संख्या एक लाख से नीचे गिरी तो स्वस्थ होने वालों की दर 94 फीसदी से ऊपर जा पहुंची है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नए संक्रमितों की संख्या 66 दिनों में न्यूनतम

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 86,498 केस दर्ज किए गए, जो पिछले 66 दिनों में न्यूनतम हैं। इसी क्रम में 1,82,282 लोग स्वस्थ घोषित किए गए और 2,123 लोगों की मौत हुई। मृतकों का दैनिक आंकड़ा भी 47 दिनों में न्यूनतम है।

दैनिक पॉजिटिविटी रेट 4.62 फीसदी

देश में अब तक 2.90 करोड़ के करीब कुल 2,89,96,473 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 2.73 करोड़ से ज्यादा कुल 2,73,41,462 लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही रिकवरी रेट बढ़कर 94.29 फीसदी तक जा पहुंची है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट भी लगातार 15 दिनों से 10 फीसदी से कम बना हुआ है। सोमवार को यह 4.62 फीसदी दर्ज किया गया।

एक्टिव केस 13 लाख, अब तक 3.50 लाख से ज्यादा मौतें

हालांकि अब तक 1.21 फीसदी की दर से 3.50 लाख से ज्यादा कुल 3,51,309 लोगों की मौत भी हो चुकी है। एक्टिव मामलों में 97,907 की दैनिक गिरावट दर्ज की गई और अब 4.50 फीसदी के रेट से कुल 13,03,702 इलाजरत मरीज हैं।

24 घंटे में 33.64 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को टीककरण अभियान ने फिर तेजी दिखाई और दिनभर में 33.64 लाख से ज्यादा कुल 33,64,476 लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए गए। इसके साथ ही देश में अब तक 23.61 करोड़ से ज्यादा कुल 23,61,98,726 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

दूसरी तरफ आईसीएमआर के आंकड़े बताते हैं कि बीते 24 घंटे के दौरान 18,73,485 लोगों की कोरोना जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक 36.82 करोड़ से ज्यादा कुल 36,82,07,595 लोगों की जांच की जा चुकी है।

Exit mobile version