Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : 22 दिनों के भीतर सक्रिय मामलों में 50% फीसदी की कमी, अब लगभग 18 लाख एक्टिव केस

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 2 जून। जनमानस की जागरूकता और केंद्र  सहित विभिन्न राज्य सरकारों की ओर से लागू किए गए सुरक्षा उपायों के बीच देशभर में कोविड-19 के सक्रिय मामले 22 दिनों के अंदर घटकर आधे से भी कम रह गए हैं। इस दौरान पिछले कुछ दिनों से एक्टिव केस में एक लाख से ज्यादा की गिरावट देख जा रही है जबकि स्वस्थ होने वालों का दैनिक आंकड़ा दो लाख से ऊपर बना हुआ है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को पूर्वाह्न आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कुल एक्टिव केस 17,93,645 हैं जबकि गत नौ मई को इलाजरत मरीजों का उच्चतम आंकड़ा 37,45,237 दर्ज किया गया था। मंगलवार को सक्रिय मामलों में 1,01,875 की गिरावट दर्ज की गई। देश में इलाजरत मरीजों की दर भी गिरकर कुल संक्रमितों की 6.34 फीसदी रह गई है।

इस बीच बीते 24 घंटे के दौरान देश में संक्रमण के कुल 1,32,788 नए मामलों की पुष्टि की गई जबकि 2,31,456 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। हालांकि इस दौरान मृतकों की संख्या फिर तीन हजार के पार 3,207 तक पहुंच गई।

रिकवरी दर 92.48 फीसदी, अब तक 3.35 लाख से ज्यादा मौतें

मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 2.83 करोड़ से ज्यादा कुल 2,83,07,832 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें 2.61 करोड़ से ज्यादा कुल 2,61,79,085 लोगों ने इस महामारी से निजात पा ली है। देश में स्वस्थ होने की दर बढ़कर 92.48 फीसदी हो चुकी है जबकि 1.18 फीसदी की दर से अब तक 3,35,102 लोगों की मौत हुई है।

देश में अब तक 35 करोड़ से ज्यादा लोगों की टेस्टिंग

इस बीच भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने जानकारी दी है कि एक जून तक देशभर में 35 करोड़ से ज्यादा कुल 35,00,57,530 लोगों की कोरोना जांच जा चुकी है। इस क्रम में बीते मंगलवार को दिनभर में कुल 20,19,773 लोगों की टेस्टिंग की गई।

24 घंटे के दौरान लगभग 24 लाख लोगों का टीकाकरण

इसी क्रम में टीकाकरण अभियान भी रफ्तार पकड़ने लगा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को 23,97,191 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। इसके साथ ही देश में अब तक 21.85 लाख से ज्यादा कुल 21,85,46,667 लोग टीकाकरण का लाभ उठा चुके हैं।

Exit mobile version