Site icon hindi.revoi.in

कांग्रेस की सरकार को घेरने की तैयारी, महंगाई के मुद्दे पर 14 नवंबर से चलाएगी जनजागरण अभियान

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 10 नवंबर। कांग्रेस पार्टी अब ‘गरीब विरोधी नीतियों’ और महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। इस क्रम में पार्टी दिवंगत प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती के दिन यानी 14 नवंबर से राष्ट्रव्यापी ‘जन जागरण अभियान’ चलाएगी। इसके तहत पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता अलग-अलग इलाकों में पदयात्रा करेंगे तथा जनसंवाद एवं दूसरे संपर्क कार्यक्रमों के जरिए अधिकतम लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली सतत आंदोलन संबंधी कांग्रेस की समिति ने महंगाई के मुद्दे पर ‘जन जागरण अभियान’ से जुड़े कार्यक्रम तय किए हैं, जिसे पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस कार्य समिति ने स्वीकृति प्रदान की है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में आहूत मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मोदी सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के कारण 23 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं और जनता परेशान है। ऐसे में हम जन जागरण अभियान आरंभ कर रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेंगे और महंगाई के मुद्दे पर उन्हें जागरूक करेंगे।’ उन्होंने यह भी कहा कि संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में महंगाई के मुद्दे का असर देखने को मिलेगा।

14 से 29 नवंबर के बीच हर सुबह प्रभात फेरी से शुरू होगी पदयात्रा

वेणुगोपाल ने बताया कि 14 से 29 नवंबर के बीच चलने वाले इस अभियान के तहत एक सप्ताह तक पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा हर सुबह प्रभात फेरी से आरंभ होगी। इसी क्रम में 12 से 15 नवंबर तक महाराष्ट्र के वर्धा में कई कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और इसमें 14 नवंबर का प्रशिक्षण कार्यक्रम जनजागरण अभियान पर केंद्रित होगा।

अभियान को लेकर सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा

कांग्रेस नेता ने कहा कि जनजगारण अभियान को लेकर सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा। इसके साथ ही कांग्रेस टोल-फ्री नंबर भी जारी करेगी, जिस पर इस अभियान के समर्थक मिस्ट कॉल कर सकते हैं।  इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालयों पर कंट्रोल रूप स्थापित किए जाएंगे, जो जन जागरण अभियान पर निगरानी रखेंगे।

दिग्विजय बोले – पूरे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य

दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ती जा रही है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार को अपना बजट संभालने में दिक्कत आ रही है। इस पूरे अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इस कड़ी में पहले हमने महंगाई के विषय को लिया है। बाद में दूसरे विषयों को भी लिया जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने महसूस किया कि हमारे आंदोलनों में कार्यकर्ता शामिल होते हैं, लेकिन जिस तरह से आम जनमानस को शामिल होने चाहिए, वो नहीं हो पाते। इसलिए सतत आंदोलन कार्यक्रम के लिए समिति बनी। अब हम अपना कार्यक्रम लेकर आए हैं। हम पार्टी नेताओं से भी आग्रह कर रहे हैं कि वे अपने क्षेत्रों में पदयात्रा करें।’

Exit mobile version