Site icon hindi.revoi.in

छत्तीसगढ़ चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 53 प्रत्याशियों की दूसरी सूची, दिवंगत मोतीलाल वोरा के बेटे को दुर्ग शहर से टिकट

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 53 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के दिवंगत नेता मोतीलाल वोरा के पुत्र अरुण वोरा भी भी शामिल हैं, जिन्हें दुर्ग शहर से उम्मीदवार बनाया गया है। वोरा वर्तमान में इस सीट से विधायक भी हैं।

10 मौजूदा विधायकों को टिकट काटे गए

कांग्रेस की इस लिस्ट की खास बात यह है कि इसमें 10 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। अब तक घोषित 83 सीटों में से कुल 18 मौजूदा विधायकों के नाम काटे जा चुके हैं। पहली सूची 15 अक्टूबर को जारी की गई थी, जिसमें नामित आठ मौजूदा विधायकों को बाहर कर दिया गया था। अभी सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जानी है।

सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा अभी होनी है

फिलहाल आज जारी सूची की 53 सीटों में से 14 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और छह अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणियों के लिए आरक्षित हैं जबकि शेष 33 सामान्य सीटें हैं। इस सूची में दस महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया गया है।

कांग्रेस ने अपनी ताजा सूची में प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेता रामपुकार सिंह को पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र, विकास उपाध्याय को रायपुर शहर पश्चिम और शैलेश पांडे को बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। इससे पहले, गत रविवार को पार्टी ने 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव और कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल थे।

मुख्यमंत्री बघेल अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र पाटन से ही चुनाव लड़ रहे हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार और उनके रिश्तेदार विजय बघेल उन्हें चुनौती दे रहे हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री सिंहदेव को भी उनके वर्तमान विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को दुर्ग-ग्रामीण, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत को सक्ती और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को कोंडागांव से टिकट दिया गया है।

90 सीटों पर 2 चरणों में 7 व 17 नवम्बर को होगी वोटिंग

छत्तीसगढ़ की कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में सात और 17 नवम्बर को मतदान होना है जबकि वोटों की गिनती तीन दिसम्बर को की जाएगी। छत्तीसगढ़ में मौजूदा समय कांग्रेस की सरकार है। वहीं, भाजपा मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है। राज्य में 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 68 सीटें जीतकर 15 वर्षों बाद सत्ता में वापसी की थी। वहीं, भाजपा को उस चुनाव में महज 15 सीटें हासिल हुई थीं।

Exit mobile version