Site icon hindi.revoi.in

हरियाणा विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने 31 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, विनेश फोगाट को जुलाना से टिकट

Social Share

नई दिल्ली, 6 सितम्बर। हरियाणा विधानसभा चुनाव के निमित्त कांग्रेस ने शुक्रवार की देर रात 31 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में ओलम्पियन पहलवान विनेश फोगाट का भी नाम है, जिन्हें उम्मीदों के अनुरूप जुलाना से मैदान में उतारा गया है।

हालांकि विनेश के साथ आज ही दिन में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले दूसरे ओलम्पियन मल्ल बजरंग पूनिया का नाम पहली लिस्ट में नहीं है। कांग्रेस नेतृत्व ने पहली सूची जारी करने से तनिक पहले पूनिया को तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

गढ़ी सांपला-किलोई से जोर आजमाएंगे भूपेंद्र सिंह हुड्डा

खैर, कांग्रेस की इस लिस्ट में भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, राव दान सिंह को महेंद्रगढ़, आफताब अहमद को नूंह, उदय भान को होडल और बादली से मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स को टिकट दिया गया है।

28 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया

कांग्रेस की लिस्ट पर गौर करें तो 28 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। जेजेपी से आए विधायक रामकरण को शाहबाद से टिकट दिया गया है। लाडवा में मेवा सिंह सीएम नायब सिंह सैनी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। लिस्ट में 12 जाट, 8 एससी, 4 ओबीसी, 2 ब्राह्मण, 3 मुस्लिम, एक पंजाबी और एक सिख उम्मीदवार शामिल है।

दिलचस्प हुआ जुलाना का मुकाबला

जुलाना विधानसभा की बात करें तो विनेश के मैदान में आ जाने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां से 2019 में जजपा के नेता अमर जीत डांडा ने चुनाव लड़ा था और 61942 वोट हासिल किए थे जबकि भाजपा प्रत्याशी को 37749 वोट मिले थे। डांडा ने 24193 वोटों से जीत हासिल की थी। जजपा ने 2019 में विधानसभा में खाता खोला और साढ़े चार वर्षों तक भाजपा के साथ गठबंधन में राज किया। इसी क्रम में जजपा के नेता दुष्यंत चौटाला उप मुख्यमंत्री बने।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद क्या बोलीं विनेश फोगाट?

दिन में कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद विनेश फोगाट ने कहा था कि भाजपा बृजभूषण शरण सिंह का समर्थन कर रही थी, जबकि कांग्रेस ने दिल्ली में ‘सड़कों पर घसीटे जाने’ के दौरान विरोध करने वाले पहलवानों का समर्थन किया।

Exit mobile version