Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की 21 प्रत्याशियों की पहली सूची, अरविंद केजरीवाल के खिलाफ संदीप दीक्षित?

Social Share

नई दिल्ली, 12 दिसम्बर। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने गुरुवार की रात दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी प्रदान की। सूची के प्रमुख चेहरों पर गौर करें तो दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित को नई दिल्ली से टिकट दिया गया है।

संदीप दीक्षित दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को चुनौती देंगे, जो अभी नई दिल्ली सीट से विधायक हैं। केजरीवाल ने वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में नई दिल्ली सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव बादली से लड़ेंगे

वहीं दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव को बादली से टिकट दिया गया है। वह पहले भी इस सीट से विधायक रह चुके हैं। अन्य प्रमुख चेहरों में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ को बल्लीमारान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार को पड़पड़गंज और राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक को वजीरपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने आज शाम को ही इन 21 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी प्रदान की थी। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव अगले वर्ष फरवरी में प्रस्तावित हैं। ‘आप’ तीसरी बार सत्ता पर कब्जा बनाए रखने के लिए प्रयासरत है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 पर जीत दर्ज की थी।

सीईसी की बैठक के बाद कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी मोहम्मद निजामुद्दीन ने बताया कि 21 सीटों पर चर्चा की गई और इन पर उम्मीदवरों के नामों को स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘हम एक मजबूत विपक्ष के रूप में चुनाव लड़ेंगे। दोनों दल, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी आरोप-प्रत्यारोप करते हैं, लेकिन आने वाले समय में ऐसा नहीं होगा।’

उधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, ‘सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। उम्मीदवारों में अनुभवी और युवा दोनों तरह के चेहरे हैं।’ यह पूछे जाने पर कि क्या वह खुद चुनाव लड़ेंगे तो यादव ने कहा, ‘क्यों नहीं लड़ेंगे? निश्चित रूप से लड़ेंगे। मेरे साथ इसमें कई वरिष्ठ नेताओं के नाम होंगे।’

सत्तारूढ़ AAP घोषित कर चुकी है 31 प्रत्याशियों के नाम

इसके पूर्व आम आदमी पार्टी ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की थी। ‘आप’ की दूसरी सूची के मुताबिक 18 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं जबकि वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित दो अन्य को नई सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। पार्टी ने 21 नवम्बर को 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिनमें छह उम्मीदवार ऐसे हैं, जो भाजपा और कांग्रेस छोड़ पार्टी में आए थे।

इस बीच आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के आरोपित ताहिर हुसैन एआईएमआईएम में शामिल हो गए हैं और पार्टी ने उन्हें मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है।

Exit mobile version