Site icon Revoi.in

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बोले – ‘2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक हार’

Social Share

नई दिल्ली, 4 जून। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को घोषित लोकसभा चुनाव परिणाम को जनता और लोकतंत्र की जीत करार देने के साथ कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नैतिक हार है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनावी तस्वीर साफ होने के बाद यहां कांग्रेस मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत में कहा, ‘आज जो नतीजे आए, वह जनता और लोकतंत्र की जीत है। हम पहले से कह रहे थे कि यह लड़ाई मोदी बनाम जनता है… इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिया, सत्ताधारी दल भाजपा ने एक व्यक्ति के चेहरे पर वोट मांगा। आज यह स्पष्ट हो गया है कि यह जनादेश नरेंद्र मोदी के खिलाफ है, यह उनकी नैतिक हार है।’

‘कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर मोदी जी का झूठ जनता ने समझ लिया

खरगे ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, “कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में मोदी जी ने जो झूठ फैलाया, जनता ने उसे समझ लिया। राहुल गांधी की दोनों यात्राएं ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान करोड़ों लोगों से मिलना, उनकी समस्याओं को सुनना और उन समस्याओं का हल ढूंढना ही हमारी कैंपेन का आधार बना।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘महत्वपूर्ण बात है कि भाजपा ने गैर-कानूनी तरीके से संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश की। फिर इन संस्थाओं का प्रयोग विपक्षी दलों के खिलाफ किया। जो दबाव में आए, वो इनके साथ चले गए और जो नहीं दबे, उनकी पार्टी तोड़ दी गई या फिर उन्हें जेल में डाल दिया गया। लोगों को विश्वास हो गया था कि यदि भाजपा को एक मौका और मिला तो अगला हमला संविधान और लोकतंत्र पर होगा। खुशी इस बात की है कि अब भाजपा इस षडयंत्र में सफल नहीं हो पाएगी।’

हमारी लड़ाई अभी अंजाम तक नहीं पहुंची है

खरगे ने कहा, ‘मैं इस अवसर पर CPP चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी जी, हमारे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी का विशेष धन्यवाद करना चाहूंगा क्योंकि इनकी वजह से हमें देशभर में प्रोत्साहन मिला। हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं ने भी हमारा साथ दिया, मैं उन्हें भी धन्यवाद देता हूं। इसके अलावा, मैं I.N.D.I.A. के सभी साथियों और शुभचिंतकों को भी धन्यवाद देता हूं। हमारी लड़ाई अभी अंजाम तक नहीं पहुंची है। हम सभी को आने वाले दिनों में जनता के अधिकारों, देश की सुरक्षा, संविधान और लोकतंत्र के बचाव के लिए लड़ना होगा।’

लोकसभा चुनाव परिणाम अपडेट देखने के लिए यहां क्लिक करें

उल्लेखनीय है कि सात चरणों में हुए लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे मंगलवार को जारी किए जा रहे हैं। जारी मतगणना के बीच चुनाव आयोग के आंकड़े बताते हैं कि इस बार भारतीय जनता पार्टी अपने दम पर बहुमत की सरकार गठन करने में नाकाम रहेगी। हालांकि उसके नेतृत्व वाले वाले एनडीए को करीब 291 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं।

भाजपा के खाते में करीब 240 सीटें आ सकती हैं। शाम 7.30 बजे तक तक सत्ताधारी भाजपा 114 सीटें जीत चुकी थी और 125 सीटों पर उसे बढ़त हासिल थी। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी अलायंस को 233 सीटें मिलती नजर आ रहीं हैं। अकेले कांग्रेस को 99 सीटें मिल सकती हैं। यह समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस 50 सीटें जीत चुकी थी जबकि 49 सीटों पर उसे बढ़त हासिल थी।